राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चाओं पर कमलनाथ का बड़ा बयान

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ सभी विधायक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, डा.गोविंद सिंह, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी अरुण यादव, अजय सिंह सहित वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं।

बैठक से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए कमलनाथ ने उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मेरी इसमें रुचि नहीं है। मैंने साफ कर दिया है कि मैं मध्यप्रदेश नहीं छोडूंगा, मध्यप्रदेश में ही रहूंगा। वहीं एक व्यक्ति एक पद के फॉर्मूले पर उन्होंने कहा कि कई विधायक ऐसे थे जिनके पास एक से अधिक पद थे, उन्होंने इस्तीफ़ा दिया है। वहाँ हम नए जिलाध्यक्ष बनाएंगे।

बैठक को लेकर कमलनाथ ने कहा कि हमारा मुकाबला भाजपा के नेताओं से नहीं बल्कि उनके संगठन से है। संगठन को हमें मजबूत बनाना होगा। इसमें ऐसे लोगों को महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी, जो पूरा समय पार्टी को दे सकें। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो सौ से पौने तीन सौ तक मतदान केंद्र होते हैं। एक अकेला जिला अध्यक्ष चार-छह विधानसभा क्षेत्रों को नहीं देख सकता है, इसलिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। ये अपना समय जिले में संगठन को मजबूत बनाने के लिए देंगे।

सीएम पर साधा निशाना

प्रदेश में अतिवृष्टि से बिगड़े हालात पर कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह का हवाई सर्वे भी हवाई है, मुआवजा क्यों नहीं दे रहे हैं? शिवराज जी तो मीडिया इवेंट करने में माहिर हैं। इसी तरह कारम डैम टूटने पर आरोप लगाते हुए कहा कि मिट्टी का डैम बनाया था, टूट गया। मुआवजा कब मिलेगा प्रभावितों को कुछ पता नहीं। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार का बांध बनाया था, जो टूट गया।

Leave a Reply