किसान आंदोलन- चौथा दिन, GRP के SI की जान गई

वजह- आंसू गैस से दम घुटना; पंजाब में दुकानें बंद, हाईवे ब्लॉक, हरियाणा में टोल-फ्री

अंबाला – पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (16 फरवरी) चौथा दिन है। अंबाला में एक तैनात GRP के SI हीरालाल की मौत हो गई। इसकी वजह आंसू गैस के गोले से दम घुटना बताई जा रही है। संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संघ ने आज ग्रामीण भारत बंद बुलाया है। इसमें गांवों में दुकानें बंद करने और किसानों के खेतों में काम न करने को कहा गया है। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में बाजार बंद हैं। रोडवेज की बसें नहीं चल रही हैं। राजस्थान में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का असर है। BKU (चढ़ूनी) के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के कई टोल नाकों को 3 घंटे के लिए फ्री कराया।
वहीं, गुरुवार 15 फरवरी को चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत ​भी बेनतीजा रही। बैठक देर रात में करीब साढ़े 5 घंटे चली। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने के लिए कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया, जिसमें किसान और सरकार दोनों के प्रतिनिधि होंगे। किसान नेता एमएसपी गारंटी पर अड़े रहे। मीटिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे
अब रविवार 18 फरवरी शाम 6 बजे फिर से बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।