आयुद्ध निर्माणी में हुई आगजनी की घटना में घायल हुए कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत

भोपाल। जबलपुर के खमरिया स्थित आयुद्ध निर्माणी में गत दिनों हुई आगजनी की घटना गंभीर रूप से घायल हुए कर्मचारी नंदकिशोर सोनी की शुक्रवार को सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। उसका मुम्बई के नेशनल अस्पताल में उपचार चल रहा था।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में गत 6 अक्टूबर को दोपहर में अचानक फिलिंग सेक्शन में आग लग गई थी। घटना उस समय हुई, जब बमों में फिलिंग के लिए बारूद को मिक्स करने के बाद पिघलाने का काम किया जा रहा था। पिघले हुए बारूद को ट्रे में रखते समय आग लग गई थी। हादसे में 6 कर्मचारी झुलस गए थे, जिनमें पांच का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा था, जबकि गंभीर रूप से घायल नंदकुमार सोनी को एयरलिफ्ट कर मुम्बई भेजा गया था, जहां उनका नेशनल अस्पताल के बर्न यूनिट में उपचार चल रहा था। गत 8 अक्टूबर को उनका आपरेशन किया गया था। इसके बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार को सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।