दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत, दो लोगों की मौत

0

जबलपुर। शहर के एमआर-4 रोड पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, संजीवनी नगर श्री परिसर निवासी महेश कुमार शर्मा (63) रिटायर्ड फैक्ट्री कर्मी है। वह बुधवार देर रात पत्नी पूनम शर्मा (60), बेटे मोहित शर्मा (36) और बहू सपना शर्मा (32) के साथ कहीं गए थे। चारों अपनी इयोन कार क्रमांक एमपी 20 सीडी 2760 में सवार होकर वापस लौट रहे थे। कार को मोहित चला रहा था और सपना अगली सीट पर बैठी थी। महेश और उनकी पत्नी पूनम पीछे की सीट में बैठे थे। उनकी कार विजय नगर की ओर से कछपुरा के पास आदि प्लाजा के सामने से आगे बढ़ रही थी, तभी यादव कालोनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 सीडी 6033 डिवाइडर से टकराकर उसे तोड़ते हुए दूसरी सड़क पर जा रही इयोन कार में जा घुसी। मोहित ने कार को बचने का प्रयास किया, लेकिन स्कार्पियो की रफ्तार तेज थी कि वह कार में टक्कर मारते हुए आगे निकल गई।

हादसे में इयोन कार में सवार रिटायर्ड फैक्टरी कर्मी महेश कुमार शर्मा अपनी पत्नी व बेटा बहू के साथ बुरी तरह से घायल हो गए। चारों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुछ देर बाद महेश के बेटा-बहू की मौत हो गई। घटना के बाद स्कार्पियो भी सड़क से नीचे उतर गई। स्कार्पियो में चालक के अलावा और कितने लोग सवार थे, इसका पता नहीं चल पाया। घटना के बाद चालक को छोड़कर उसमें सवार लोग भाग गए थे। घायल स्कार्पियो चालक को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि इयोन कार बुरी तरह से चकनाचूर हो गई। जिसमें सवार महेश कुमार शर्मा व उनका पूरा परिवार गंभीर रुप से घायल हो गया। कार चला रहा मोहित कार के अंदर ही फंस गया था। पुलिस ने लोगों की मदद से उसे जैसे-तैसे बाहर निकाला और सभी लोगों को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुछ देर बाद महेश के बेटे मोहित व बहू सपना (मोहित की पत्नी) की मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply