स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को चार पहिया वाहन ने मारी टक्कर

0

विदिशा। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग 146 के बाइपास पर गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रहे एक ऑटो को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 10 बच्चे और आटो चालक घायल हो गया। आठ बच्चों को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शहर के एकता कालोनी में रहने वाले बच्चों को आटो चालक माधव कुशवाह गुरुवार सुबह 7 बजे साकेत एमजीएम स्कूल लेकर जा रहा था। इसी दौरान बायपास पर बालाजी आर्किड कालोनी के पास सड़क क्रास करते समय पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने आटो को टक्कर मार दी, जिसके कारण आटो पलट गया और बच्चे घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पीछे से आ रहे एक खाली आटो में बच्चों को बैठाकर तत्काल अस्पताल भिजवाया। आसपास के लोगों ने चार पहिया वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। अस्पताल में भर्ती आटो चालक माधव कुशवाह ने बताया कि हादसे में 10 बच्चे घायल हुए हैं। स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दे दी है।

अस्पताल के सीएमओ वैभव जैन ने बताया कि आठ बच्चों के हाथ-पैर पर मामूली चोट आई थी। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया है। कक्षा 5 के विद्यार्थी कृष्णा राजपूत और उसकी बहन अनुष्का को अधिक चोट आई है। उन्हें भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार पहिया वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply