कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के आरोप में पार्षद को किया 6 वर्ष के लिए निष्कासित

0

गुना। गुना नगरपालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव भले ही हो गया हो, लेकिन अभी भी राजनैतिक उथल-पुथल जारी है। बुधवार को भाजपा प्रदेश संगठन ने जिलाध्यक्ष को बागियों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये। वहीं, गुरुवार को काँग्रेस ने अनुशासनहीनता के चलते अपने एक पार्षद को पार्टी से निकाल दिया। उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया गया है।

बता दें कि गुना नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की तरफ से सुनीता रविन्द्र रघुवंशी को मैंडेट मिला था। वहीं कांग्रेस ने रश्मि रजनीश शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया था। सविता अरविंद गुप्ता ने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय फॉर्म भर दिया था। चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सविता गुप्ता और कांग्रेस कैंडिडेट रश्मि शर्मा को 13-13 वोट मिले थे। बाद में पर्ची उठाकर अध्यक्ष पद का फैसला हुआ और सविता गुप्ता अध्यक्ष बनीं। भाजपा के प्रत्याशी को केवल 9 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के 25 पार्षद थे।

सूत्रों की मानें तो वार्ड 33 से कांग्रेस पार्षद सुनीता शर्मा ने भी पार्टी के प्रत्याशी को वोट नहीं दिया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर उन्होंने पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं किया। इसकी शिकायत कांग्रेस पार्षद गीता कुशवाह ने पार्टी से की थी। उनकी शिकायत पर कार्यवाही करते हुए पार्टी ने सुनीता बसंत शर्मा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। गुरुवार को जिलाध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय ने उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।

Leave a Reply