28 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी, सुबह 10 बजे तक 11.43% मतदान

0

मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020: मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 10 दस बजे तक सभी 28 सीटों पर औसतन 11.43 फीसदी मतदान हो चुका है। धार में सबसे ज़्यादा 17.47 फीसदी वोटिंग हुई है, तो अनूपपुर में सबसे कम 6 प्रतिशत लोगों ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। आज प्रदेश की जनता तय करेगी कि राज्य की सत्ता अब किसके हाथ में रहेगी।

शिवराज सिंह चौहान को दल बदल के दम पर मिली कुर्सी बरकरार रहेगी या फिर मतदाता एक बार फिर से कमलनाथ की अगुवाई में कांग्रेस को सिंहासन पर बिठाएंगे। प्रदेश की 28 सीटों पर हो रहे इस उपचुनाव में 12 मंत्रियों सहित कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनकी किस्मत 63.67 लाख मतदाताओं को तय करनी है। 19 जिलों में उपचुनाव के लिए 33 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रदेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 250 उड़न दस्ते, 173 निगरानी दल तथा 293 पुलिस चौकियों को सेवा में लगाया गया है।

इन मतदाताओं के लिए 9,361 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जबकि इनमें से 3,038 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली दफा 230 सदस्यों वाले सदन में 28 सीटों के उपचुनाव एक साथ हो रहे हैं। इस उपचुनाव के परिणाम प्रदेश में किसी भी दल की सरकार बनाने में अहम साबित हो सकते हैं। इस उपचुनाव के नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

Leave a Reply