जमीन के नाम पर 16 लोगों से 1.60 करोड़ रुपए ठगने वाली लेडी लैंड माफिया गिरफ्तार

0

4 लोगों को बेची एक ही जमीन, पट्‌टे के नाम पर 12 से ठगे 24 लाख

क्राइम ब्रांच ने महिला जालसाज को गिरफ्तार किया है। अपने भाई के साथ मिलकर उसने 16 लोगों से एक करोड़ 60 लाख 50 हजार की ठगी की थी। दस हजार की इनामी जालसाज ने दो एकड़ जमीन की फर्जी दस्तावेज के आधार पर 4 लोगों को रजिस्ट्री करवा दी। वहीं सरकारी जमीन पर पट्‌टा दिलाने के नाम पर 12 लोगों से 24 लाख ऐंठ लिए। क्राइम ब्रांच ने उसे एक दिन की रिमांड पर लिया है। एडीजी भोपाल रेंज उपेंद्र जैन के मुताबिक चौक निवासी नयनतारा ज्वेलर्स के संचालक श्याम मंगल ने शिकायत की थी कि रमेश विशंभले और उनकी बहन कविता नागले उनके यहां खरीदारी करने आते थे। उन्होंने उन्हें बिलखिरिया थाना क्षेत्र स्थित दो एकड़ जमीन 75 लाख में खरीदने की पेशकश की। सौदा मंजूर करते हुए श्याम ने कविता को साढ़े 19 लाख नगद दे दिए। 31 और 22 लाख के दो चेक भी दिए। कविता ने जमीन का आधिपत्य तो सौंप दिया, लेकिन नामांतरण नहीं करवाया।

सरकारी जमीन का भी किया सौदा
कविता के खिलाफ अवधपुरी थाने में भी 2018 में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज है। उसने 12 गरीब लोगों से सरकारी जमीन का पट्‌टा दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की थी। उनसे 24 लाख रुपए ठगे थे।

रिटायर्ड एएसआई की है पत्नी
क्राइम ब्रांच ने उसे अवंतिका एवेन्यू, अवधपुरी स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पति सीआईएसएफ के रिटायर्ड एएसआई हैं। महिला जालसाज के खिलाफ 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

भूमाफिया… भाई के साथ मिलकर करती थी फर्जीवाड़ा, 10 हजार का था इनाम

एएसपी गोपाल धाकड़ के मुताबिक इस बीच श्याम को पता चला कि कविता ने उक्त जमीन भारती द्विवेदी, जय शोभानी और अशोक जैन को भी बेची है। उसने इन तीनों को 11 जून 2014 को रजिस्ट्री भी करवा दी थी। इसके लिए तीनों से 64 लाख ऐंठे थे। क्राइम ब्रांच ने कविता के खिलाफ 17 सितंबर 2019 को धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का केस दर्ज किया था।

Leave a Reply