कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री से की मुलाकात

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह रविवार सुबह सीएम हाउस पहुंचे और यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। प्रदेश के तीन दिग्गज नेताओं की मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति का सियासी पारा गरम हो गया है और चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान तीनों राजनेताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही सागर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुए मुकदमों को लेकर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाने की मांग की है।

मुलाकात के बाद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि सागर, दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जुल्म हो रहा है। मैंने अपने 50 साल के राजनैतिक जीवन मे ऐसा नहीं देखा। उन्होंने कहा कि हमने तय किया है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुकदमे हमारे वकील निशुल्क लड़ेंगे। हर जिले में 2 वकीलों को तैनात करने का फैसला किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि विधानसभा से समिति गठित होना चाहिए। साथ ही इस समिति के अध्यक्ष विधानसभा अध्यक्ष को खुद होना चाहिए। 30 अप्रैल तक जांच रिर्पोट तैयार करवाई जाए और इंसाफ नहीं, तो प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन चलेगा।

गौरतलब है कि बीते दिनों दिग्विजय सिंह सागर में जेल में बंद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर लौटे हैं। जहां से दिग्विजय सिंह प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई की रिपोर्ट लेकर आये हैं। बता दें कि सागर में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए हैं। सागर मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं।