प्रदेश को कर्ज के दलदल में डुबाे रही शिवराज सरकार: कमलनाथ

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश सरकार की कार्य शैली और नीतियोँ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि शिवराज सिंह चौहान सरकार प्रदेश को कर्ज के दलदल में डुबाेती जा रही है। प्रदेश पर वर्ष 2021-22 में 2.95 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है और अब प्रदेश सरकार हर महीने औसतन पांच हजार करोड़ रुपय का कर्ज ले रही है।

गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर तंज कसते हुए ट्वीट किया कि भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश पर चढ़ाए कर्जे के ब्याज को चुकाने के लिए 2021-22 में 20 हजार करोड़ लगे और इस वर्ष 2022-23 में 22 हजार करोड़ से अधिक की रकम की आवश्यकता है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है, जहां राज्य सरकार का कुल कर्ज राज्य सरकार के कुल वार्षिक बजट से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खजाने की कमजोर हालत के बावजूद शिवराज सरकार के इवेंट रोज होते रहते हैं और पार्टी के कार्यक्रम में पैसा पानी की तरह बहा रही हैं। यह मध्य प्रदेश की जनता से सरासर धोखा है।