सरकार दिल्ली की शिक्षा क्रांति से डरी हुई है: मुख्यमंत्री केजरीवाल

0

नई दिल्ली। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से शुक्रवार को छापेमारी के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार दिल्ली की शिक्षा क्रांति से डरी हुई है, इसलिए सीबीआई के जरिए डराना चाहती है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें इससे डरना नहीं है, बल्कि भारत को बहुत आगे लेकर जाना है। भारत को दुनिया का नम्बर वन देश बनाने के लिए साथ आयें। इस मिशन से जुड़ने के लिए 9510001000 पर मिस कॉल करें। हमें देश के 130 करोड़ लोगों को जोड़ना है।केजरीवाल ने न्यूयॉर्क टाइम्स में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था और उसमें मनीष सिसोदिया के प्रकाशित फोटो पर कहा कि आज दुनिया ने मान लिया कि मनीष सिसोदिया दिल्ली और देश के ही नहीं, बल्कि दुनिया के बेहतर शिक्षा मंत्री हैं। इसलिए उन पर सीबीआई रेड कर परेशान किया जा रहा है।आगे उन्होंने कहा कि अमेरिका दुनिया का सबसे शक्तिशाली एवं अमीर देश है। अमेरिका का सबसे बड़ा अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स है। इसमें खबर छपाने के लिए, छपने के लिए बहुत मुश्किल होती है। कल के न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पेज पर दिल्ली की शिक्षा मॉडल की खबर छपी। इसमें लिखा है कि दिल्ली में शिक्षा क्रांति हो रही है, सरकारी स्कूल बहुत शानदार हो गए हैं। प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर लोग सरकारी स्कूल में दाखिला करवा रहे हैं। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे अपने परिवारों की गरीबी दूर कर रहे हैं। भारत के बारे में इतनी अच्छी खबर छपना, सभी भारतवासी का सीना चौड़ा होना जैसा है।

केजरीवाल ने आगे कहा कि अखबार में मनीष सिसोदिया की फोटो छपी है। न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पेज पर आने के लिए दुनिया के सभी देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति बेचैन रहते हैं कि हमारा नाम, हमारी फोटो आनी चाहिए। वहां सिसोदिया की फोटो छपी है। इसका मतलब है कि सिसोदिया को दिल्ली का नहीं, बल्कि देश का सबसे अच्छा शिक्षा मंत्री घोषित किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार को ही हमने ऐलान किया था कि हमें भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाना है। 130 करोड़ लोगों को जोड़ना है और कल यह खबर छप गई। बहुत बड़ी बात है। एक तरह से कुदरत हमारा साथ दे रही है, भगवान हमारा साथ दे रहे है। भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनने का जो सपना है, वह साकार होने लगा है।वहीं, मुख्यमंत्री ने सीबीआई की छापेमारी को अड़चन डालने की कोशिश बताते हुए कहा कि पहले भी कई बार छापेमारी हुई है, लेकिन कुछ नहीं मिला।

उन्होंने कहा, ”अड़चनें बहुत आएंगी, आसान काम नहीं है। आज मनीष सिसोदिया को दुनिया का सबसे अच्छा शिक्षा मंत्री घोषित किया गया और लेकिन उसके घर सीबीआई पहुंच गई। पिछले सात साल में भी कई छापेमारी हो चुकी है। कई झूठे केस कर चुके हैं। सत्येंद्र जैन, कैलास गहलोत समेत कई नेताओं को परेशान कर चुके, कुछ नहीं मिला। अब भी नहीं मिलेगा। सीबीआई अपना काम कर रही है, उससे घबराना नहीं है।

Leave a Reply