राजधानी भोपाल में लकड़ी के गोदाम में लगी भीषण आग

भोपाल। राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह एक लकड़ी के गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम के आसपास भी अन्य लकड़ी के गोदाम और दुकानें होने से वहां अफरा तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को आगजनी की सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कढ़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में लाखों का माल जलकर पूरी तरह से खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

जानकारी अनुसार राजधानी के भारत टाकीज इलाके में मुख्य मार्ग पर स्थित अमन फर्नीचर आरा मशीन एवं गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 6: 40 बजे भीषण आग लग गई। रहवासियों ने जब गोदाम से आग की लपटें निकलती देखी तो इलाके में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत फायर बिग्रेड कंट्रोल रूम को सूचना दी। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें 20 फीट ऊपर तक उठ रही थी। सूचना मिलते ही मौके पर फायर स्टेशन बोगदा पुल, माता मंदिर, फतेहगढ़, कबाडख़ाना, बैरागढ़ आदि से लगभग एक दर्जन दमकल गाडिय़ों को रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया।

कबाडख़ाना फायर स्टेशन के फायर फाइटर फारूख एहमद, नवाब खान, ड्राइवर नईम कुरैशी ने बताया कि आग काफी भीषण थी जिसे बुझाने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह करीब 6:30 बजे आग लगी। आग की सूचना 6.55 बजे लगी। इसके बाद करीब साढ़े आठ बजे आग पर काबू पाया गया। फायर कर्मियों ने बताया कि गोदाम के पास ही एक होटल का निर्माण हो रहा है। आग लगने से वह इमारत पूरी तरह काली हो गई है वहीं आसपास भी अन्य लकड़ी के गोदाम और दुकानें स्थित हैं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग इनको भी अपनी चपेट में ले लेती और एक बड़ा हादसा हो सकता था।

इधर गोदाम के मालिक फैजान ने बताया कि आग लगने से करीब 17 से 18 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।