मध्य प्रदेश में तीन-चार दिनों तक 10 डिग्री से भी नीचे जाएगा प्रदेश में रात का तापमान

भोपाल। मध्यप्रदेश में अगले तीन चार दिनों तक रात का तापमान 10 डिग्री से भी नीचे जाएगा। यह स्थिति सीजन में पहली बार बन रही है। वर्तमान में कुछ इलाकों में रात का तापमान छह से नौ के बीच आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार रात के बाद दिन का पारा भी नीचे आएगा। अब अधिकांश इलाकों में यह 26 डिग्री के नीचे आ गया है। उसके बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने के बाद वातावरण में बदलाव होगा। हालांकि कड़ाके की ठंड के लिए एक हफ्ते इंतजार करना होगा।मौसम विभाग ने बताया कि अभी सबसे ज्यादा ठंडक ग्वालियर और जबलपुर में पड़ रही है। यहां रात का पारा अधिकांश इलाकों में 8 डिग्री के नीचे आ गया है। जबलपुर में तो रात का पारा सामान्य से 5 डिग्री लुढ़कर 7 डिग्री तक आ गया है। यहां शीतलहर चल रही है। नौगांव, उमरिया और पचमढ़ी में भी रात का पारा 7 डिग्री के नीचे आ गया। ग्वालियर में सामान्य से ढाई डिग्री सेल्सियस गिरकर 8 डिग्री तक आ गया है। ऐसे में जबलपुर और ग्वालियर में अन्य इलाकों की अपेक्षा रात में ज्यादा ठंड पड़ने लगी है।

प्रदेश में हिल स्टेशन पचमढ़ी में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। यहां रात का पारा छह डिग्री तक आ गया है, तो दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री पर अटक गया है। इसके अलावा, नरसिंहपुर और सिवनी में भी दिन का पारा 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ चुका है।वहीं, बताया गया कि बुंदेलखंड और बघेलखंड में अब ठंड सताने लगी है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। सबसे ठंडा नौगांव रहा, जहां रात का पारा 6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। खजुराहो, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, उमरिया और मलाजखंड में भी परा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।