जिला अस्पताल में आक्सीजन सिलेंडर फटने की अफवाह के बाद भगदड़

शिवपुरी। जिला अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में रविवार की रात ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की अफवाह के बाद भगदड़ की स्थिति बन गई। इससे गंभीर हालत में यहां लाए गए एक माह के बच्चे की आक्सीजन नहीं मिलने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में रविवार रात करीब आठ बजे ग्वालियर रेफर किए गए एक गंभीर बच्चे को लेने आई एंबुलेंस के चालक और महिला गार्ड जब सिलेंडर को ले जाने की कोशिश कर रहे थे, उसी समय गलत प्रक्रिया से उसका फ्लो मीटर फट गया। मीटर फटने की आवाज सुनकर अस्पताल में भगदड़ मच गई। स्टाफ सहित वहां भर्ती बच्चे और उनके स्वजन ने बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। इस दौरान आक्सीजन पर भर्ती गंभीर बच्चे की मां उसे बाहर की ओर भागी। लगभग आधा घंटा तक बच्चा बिना आक्सीजन के रहा, इससे उसकी मौत हो गई।

बताया गया है कि पीआईसीयू में छोटू पुत्र सुरेंद्र आदिवासी उम्र एक माह उल्टी-दस्त की शिकायत के उपरांत भर्ती कराया गया था। बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी, जिसके चलते उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।सिलेंडर फटने की खबर फैली तो कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल मय दल बल के मौके पर पहुंच गए। हालाकि सिविल सर्जन ने आरके चौधरी ने बताया कि सिर्फ सिलेंडर का फ्लो मीटर ही फटा है। हालात सामान्य होने के चलते कलेक्टर-एसपी अस्पताल से वापस लौटे।