इंदौर से बिलासपुर के लिए सोमवार से शुरू होगी सीधी विमान सेवा

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की हवाई सेवाओं में लगातार विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में अब छत्तीसगढ़ का बिलासपुर शहर भी इंदौर से हवाई मार्ग से सीधा जुड़ने जा रहा है। अलायंस एयर सोमवार, 03 अक्टूबर से इंदौर से बिलासपुर के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। इसके अलावा मंगलवार, 04 अक्टूबर से ग्वालियर और जबलपुर के लिए भी नई फ्लाइट उड़ान भरेगी। यह सभी उड़ानें इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान भरकर तक जाएंगी। इनमें ग्वालियर-जबलपुर की उड़ान सप्ताह में तीन दिन और बिलासपुर की उड़ान सप्ताह में चार दिन रहेगी।

अलायंस एयर के स्टेशन मैनेजर समीर कुलकर्णी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि हम लंबे समय से इंदौर-बिलासपुर के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन ने हमें अनुमति दे दी थी, जिसके बाद हम सोमवार से बिलासपुर की उड़ान शुरू करने जा रहे हैं। वहीं मंगलवार से जबलपुर और ग्वालियर के लिए उड़ान शुरू होगी। हमने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है, जिसे अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि उड़ान संख्या 9आई 691 का संचालन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को होगा। विमान सुबह साढे़ सात बजे दिल्ली से रवाना होकर साढ़े 9 बजे जबलपुर पहुंचेगा। यहां से 10 बजे उड़ान भरकर सुबह 11.05 बजे बिलासपुर पहुंचेगा। सुबह 11.35 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर दोपहर 01.25 बजे इंदौर आएगा। वहीं, उड़ान संख्या 9आई 692 का संचालन भी सप्ताह में चार दिन होगा। दोपहर 1.55 बजे इंदौर से उड़ान भरकर विमान दोपहर 3.45 पर बिलासपुर पहुंचेगा। यहां से शाम 4.15 बजे उड़ान भर कर शाम 5.20 बजे जबलपुर पहुंचेगा। जबलपुर से शाम 5.50 बजे उड़ान भरकर विमान रात 8 बजे दिल्ली पहुंच जाएगा।

इसी तरह उड़ान संख्या 9आई 617 का संचालन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगा। विमान सुबह 7.20 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर सुबह 9.30 पर जबलपुर जाएगा। यहां से सुबह 10 बजे उड़ान भर 11.30 बजे इंदौर आएगा। यहां से दोपहर 12 बजे उड़ान भरकर विमान दोपहर 1.30 बजे ग्वालियर पहुंचेगा। वहीं, उड़ान संख्या 9आई 618 दोपहर 2 बजे ग्वाालियर से उड़ान भरकर दोपहर 3.30 बजे इंदौर आएगी। यहां से शाम 4 बजे विमान उड़ान भरेगा, जो शाम 5.30 बजे जबलपुर पहुंचेगा। वहीं जबलपुर से शाम 6 बजे उड़ान भरकर विमान रात 8 बजे दिल्ली पहुंच जाएगा