राष्ट्रपिता महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की

भोपाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रविवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुरानी विधानसभा (मिंटो हाल परिसर) स्थित महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी की सोच, उनकी विचारधारा, उनका दृष्टिकोण और देश को दिखाया गया मार्ग अभी भी अमर है। गांधी जी ने देश में अमन चेन, भाईचारे का संदेश दिया। आज हम उनके विचारों, आदर्शों पर चलने का संकल्प लें, क्योंकि आज सत्ता में बैठे लोगों द्वारा महात्मा गांधी और शास्त्री जी के विचारों, सिद्धांतों पर और देश के संविधान पर आक्रमण हो रहा है, आज इनके द्वारा देश को, समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया था। अन्नदाता किसानों की स्थिति आज किसी से छिपी नहीं है।

पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने कहा कि हमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों से जुडऩे की जरूरत है, गांधी जी के विचारों से हम जितने दूर होंगे, उतने हम गरीब, निर्धन, अल्पसंख्यक, जरूरतमंदों से दूर होते जायेंगे। भारत जोड़ो यात्रा गांधी जी के विचारों से जोडऩे के लिए हैं। सत्ता में बैठे लोग तरह-तरह के षड्यंत्र कर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन हमारे नेता राहुल गांधी निडरता से भारत जोड़ो यात्रा कर देश को एक नया संदेश देकर एक नया इतिहास रच रहे हैं। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।