कांग्रेसजन मैदान में जाये और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जनता को बताये: कमलनाथ

भोपाल। राजधानी भोपाल के मानस भवन में शनिवार को कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, कांग्रेस निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खुटिया, पीसीसी चीफ कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविन्द सिंह सहित कांग्रेस के तमाम आला नेता इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में प्रदेश भर से 800 डेलीगेट्स संगठन चुनाव के लिए पहुंचे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने डेलिगेट्स के सामने प्रस्ताव रखा कि प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी। सभी ने दोनों हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

कमलनाथ पीसीसी डेलीगेटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बैठक में आपकी निष्ठा आपको यहां खींच कर लाई है, उसी निष्ठा से आप अपने गांव और वार्ड में काम करें। कांग्रेस की संस्कृति हमेशा से जोडऩे की रही है और उसी संस्कृति के कारण आज देश का हर नागरिक एक झंडे के नीचे खड़ा हैं। हमारी उसी संस्कृति पर आज आक्रमण हो रहा है, समाज को बांटा जा रहा है, धर्म को बांटा जा रहा है, जाति को बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा मुकाबला भाजपा से है, भाजपा की नीतियों से है, और उसके संगठन से हैं। केवल 12 महीने बचे हैं, आप लोग अभी से काम पर लग जाये। जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। कांग्रेस सरकार में जो काम हुये, आप लोग मैदान में जाएं तो सीना ठोक कर जनता से कह सकते हैं, डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा अपनी 18 साल की सरकार का हिसाब नहीं दे। पहले 25 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया से लोग जुड़े थे आज 95 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया से जुड़े हुए हैं। मंडलम-सेक्टर को मजबूत करें क्योंकि कोई भी ब्लाक 150 बूथ नहीं संभाल सकता है। राजनीति में आज काफी परिवर्तन हुआ है। आपकी निष्ठा ही कांग्रेस को सत्ता में ला सकती है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल ने कहा विधानसभा चुनाव का पूरा एक साल बचा है, इस एक साल में आप लोगों से पूरी नजदीकी से जुडक़र पार्टी संगठन को मजबूत करूंगा। प्रदेश के हर जिले में जाऊंगा और सभी से एक-एक कर मिलूंगा। कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके कारण हमारी सरकार गिरी, ऐसे लोगों को जयचंद का नाम दिया गया है। हर राजनीतिक पार्टियों के सामने चुनौतियां आती हैं, लेकिन इसका हम सबको डटकर मुकाबला करना है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ा यात्रा को लेकर कहा कि यात्रा में लाखों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं, यात्रा के शुरूआत होने से भाजपा हिल गई है, जब यात्रा का हुजूम देखेंगे तो भाजपा की नींद हराम हो जाएगी।

मध्य प्रदेश चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष आर. सी. खुंटिया ने संगठन चुनाव की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के 26 लाख नये सदस्य इस सदस्यता अभियान में बनाए गए, जो बहुत बड़ी संख्या है। संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के सहयोग से पीसीसी डेलीगेट का चयन किया गया है, जिसमें कांग्रेस संगठन को सुदृढ़ करने के लिए आप सभी को डेलीगेट बनाया गया है।विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह द्वारा प्रस्ताव किया गया, जिसमें कहा गया कि मप्र मप्र कांग्रेस के सभी निर्वाचित सदस्य सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हैं कि मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, समस्त कार्यकारिणी, पदाधिकारियों, मप्र चुनाव समिति और मप्र से एआईसीसी सदस्य मनोनीत करने के लिए अभा कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा सोनिया गांधी को अधिकृत करते हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव द्वारा सभी पीसीसी डेलीगेट की ओर से पारित प्रस्ताव का हाथ उठाकर सर्वसम्मति से समर्थन किया गया।