ट्रैक्टर और बाइक के बीच भिड़ंत में डेढ़ वर्षीय मासूम सहित महिला की मौत

उज्जैन। जिले के पास उन्हेल नागदा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसे में एक डेढ़ वर्षीय मासूम और महिला की मौत हो गई। ट्रेक्टर और बाइक के बीच हुआ हादसा इतना वीभत्स था कि शवों को पहचानना भी मुश्किल था। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपित ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

जानकारी अनुसार उज्जैन के चिंतामन के पास ग्राम गोंदिया निवासी रेखा (40 वर्षीय) गुरुवार सुबह अपने भतीजे अशोक मकवाना और उसकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी वंशिका के साथ नागदा के करीब ग्राम बनबनी जा रहे थे। बाइक अशोक चला रहा था। इस दौरान उन्हेल के पास राजोटा में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेक्टर से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रेखा और मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा अशोक भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही उन्हेल पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए उन्हेल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है।