आश्रम का कर्मचारी बोला-बड़े आचार्य ने भी किया गलत काम

उज्जैन के यौन शोषण मामले में बड़ा खुलासा

उज्जैन – उज्जैन के आश्रम में बच्चों के साथ यौन शोषण मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अब आश्रम के संचालक और बड़े आचार्य गजानंद सरस्वती पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। दैनिक भास्कर के पास आश्रम के कर्मचारी और पेरेंट की बातचीत का ऑडियो है। 33 मिनट की बातचीत के ऑडियो में कर्मचारी ने आश्रम में चल रहे कुकर्म के बारे में बताया है। कहा- आश्रम में घिनौना खेल कई महीनों से चल रहा था। बता दें कि आश्रम में रहने वाले लोग गजानंद सरस्वती को भाई साहब और बड़े आचार्य जी कहकर बुलाते हैं।
30 अप्रैल को आश्रम के 19 बच्चों ने आचार्य राहुल शर्मा और सेवादार अजय ठाकुर पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसमें तीन बच्चों ने महाकाल थाने में केस भी दर्ज करवाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड खत्म होते ही कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। इसी के बाद से आश्रम चर्चा में है।

पीड़ित छात्र के पिता ने उपलब्ध करवाया ऑडियो

ऑडियो 15 अप्रैल 2024 का है। पीड़ित छात्र के पिता ने भास्कर को इस ऑडियो को उपलब्ध करवाया है। आश्रम के कर्मचारी ने बातचीत में खुद का नाम सामने नहीं आने की शर्त भी रखी। दरअसल, जिस पेरेंट्स से कर्मचारी की बात हुई है, उनके बेटे के साथ भी आरोपी आचार्य राहुल शर्मा और अजय ठाकुर ने गलत किया था। बच्चे ने घर पर भी बताया, लेकिन माता-पिता समझ नहीं पाए, लेकिन जब कर्मचारी ने बताया, जब उन्हें गलती का एहसास हुआ। कर्मचारी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले आचार्य गजानंद सरस्वती पर भी एक छात्र ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसके बाद उसके माता-पिता ने भी आश्रम पहुंचकर विवाद किया था। गजानंद सरस्वती के साथ मारपीट की कोशिश भी की थी।

पेरेंट्स और आश्रम कर्मचारी के बीच बातचीत के प्रमुख अंश

कर्मचारी – मैं गरीब आदमी हूं। मेरा नाम नहीं आना चाहिए।

बच्चे के पिता – आप चिंता मत करो। नहीं आएगा।

कर्मचारी – कुल मिलकर आश्रम की स्थिति ठीक नहीं है। यहां बहुत ज्यादा प्रॉब्लम है। बच्चों के साथ गलत हरकत हो रही है। भाई साहब के साथ भी लफड़ा हो गया था, आपको पता होगा।

बच्चे के पिता – नहीं, मुझे नहीं मालूम।

कर्मचारी – अच्छा, नहीं मालूम क्या? यहां सब कुछ गलत चल रहा है। साफ-सुथरी बात बताऊं आपको।

बच्चे के पिता – भाई साब का क्या हो गया था?

कर्मचारी – पहले आप कसम खाओ, फिर मैं बताऊं कि आप किसी को मत बताना। बड़े भाई साहब ने भी कुछ दिन पहले गलत किया था। इसके बाद बच्चों के परिवार वाले आश्रम आए थे। बहुत विवाद हो गया था। मारपीट हो जाती। पुलिस में केस करने वाले थे, लेकिन आचार्य जी ने बात संभाली। ब्रह्मचारी जी का भी लफड़ा है। समझ जाओ, अब ये बच्चों को शिकार बनाना चाहते हैं।

बच्चे के पिता – ये अजय कौन है? कहां रहता है?

कर्मचारी – अजय आचार्य शुरू से आश्रम में रहते हैं।

बच्चे के पिता- आप उसका ध्यान रख लेना।

कर्मचारी – मेरा कहना है कि आप 20 हजार रुपए तो दे ही रहे हैं। आपके बच्चे का भविष्य नहीं सुधरेगा यहां। पढ़ाई नहीं होती है यहां। यहां सिर्फ छिछोरेपन जैसे मस्ती करना, इसको छेड़ना, उसको छेड़ना, नहाते समय बच्चों से छेड़खानी करना। कुल मिलकर व्यवस्था लूज चल रही है।

बच्चे के पिता- हम तो बहुत दूर रहते हैं। हम तो देख नहीं सकते।

कर्मचारी – आपने कसम खाई, इसलिए बात कर रहा हूं। जिस बच्चे के साथ गंदी हरकत हुई, उसके मामा और अंकल आए थे। आधे घंटे पहले, वो गाली-गलौज करके गए हैं। ये मामला बहुत उछलेगा। हो सकता है कि आश्रम सील हो जाए। कम से कम 10 बच्चे हैं। आपका बच्चा झूठ नहीं बोल रहा। वो आते-जाते और रात को सोते समय बच्चों से छेड़खानी करते हैं। थोड़ी तो शर्म रखना चाहिए। इंसान हैं अपन। नहाते, समय बच्चों से लिपट गए। क्या ये अच्छी बात है?

बच्चे के पिता- आखिरी रात है। आज के बाद बच्चे को वहां नहीं रखूंगा।

कर्मचारी – कोड वर्ड में समझाना मेरी बात। भाई साहब भी दो मुंह की बात करते हैं। आपको पता है। आप आओगे, तो आपके बच्चे को ही गलत साबित कर देंगे। बड़े आचार्य जी मौन धारण कर रखा है।

बच्चे के पिता- वो कुछ भी बोलें- हम तो रखेंगे ही नहीं बच्चे को।

कर्मचारी- कुल मिलकर आप छोटा आश्रम देख लो। बच्चे का भविष्य खराब मत करो यहां रख कर।

इसके साथ ही भास्कर के पास 33 मिनट का पूरा ऑडियो सुरक्षित है, जिसमें आश्रम में बच्चों के साथ हुए यौन शोषण की पूरी बात है, जिसमें न सिर्फ सेवादार अजय और आचार्य राहुल को लेकर हैरान कर देने वाले बात है, बल्कि वहां के संचालक बड़े गुरु गजानंद सरस्वती पर भी आरोप लगे हैं। आश्रम के कर्मचारी ने बातचीत में बताया कि ये लोग बहुत गंदे हैं। आश्रम के रूम से लेकर बाथरूम तक बच्चों के साथ घिनौना कृत्य करते हैं। चलते-फिरते रात 11 बजे से 1 बजे तक फिर सुबह नहाते समय बच्चों को छेड़ते हैं। कर्मचारी ने कहा- जिस बच्चे ने भाई साब (गजानंद सरस्वती) पर आरोप लगाए हैं, वो तीन महीने पहले ही छोड़कर जा चुका है, तभी से छात्र आश्रम नहीं आया। अगर अभी परीक्षा देने आए, तो पता नहीं। आश्रम के कुछ आचार्य अच्छे भी हैं, जिन्होंने मुंह नहीं खोला। उन्हें आश्रम के बारे में सब बात पता है।