ऑस्ट्रेलिया से आई महिला का पति भी कोरोना संक्रमित, दोनों को होम आइसोलेट में भेजा

3D illustration of Coronavirus, virus which causes SARS and MERS, Middle East Respiratory Syndrome

जबलपुर। मध्य प्रदेश के कोरोना एक बार फिर धीरे धीरे पैर पसार रहा है। पिछले दिनों जबलपुर में आस्ट्रेलिया से आई एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई थी। अब महिला का पति भी कोरोना की चपेट में आ गया है। शुक्रवार देर शाम को वायरोलाजी लैब द्वारा जारी रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। दंपती के कोरोना संक्रमित होने के बाद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढक़र दो हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया में आर्किटेक्ट का काम करने वाली 38 वर्षीय महिला 22 दिसंबर को अपने दो बच्चों के साथ मुंबई आई थी। इसके बाद मुंबई से जबलपुर पहुंची थी। सर्दी-खांसी होने पर गुरुवार को को महिला ने अपने पति के साथ कोरोना टेस्ट कराया। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला को घर में आइसोलेट कर दिया। वहीं शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में महिला के 40 वर्षीय पति को भी पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद पति को भी होम आइसोलेट कर दिया गया है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजय मिश्रा ने बताया कि महिला के साथ ऑस्ट्रेलिया से आए दोनों बच्चों का भी कोविड टेस्ट के लिए सैंपल वायरोलॉजी लैब भेजे गए हैं। साथ ही जबलपुर में रह रहे महिला के माता-पिता का भी टेस्ट लैब में भेजा गया है।