अनियंत्रित बस पलटने से 15 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

रीवा। जिले के गढ़ थाना इलाके में ग्राम पचोखर के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 15 यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें दो यात्रियों को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रैफर किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

गढ़ थाना पुलिस के अनुसार, बस गढ़ से रीवा जा रही थी। इसी दौरान सोमवार करीब 9.30 बजे ग्राम पचोखर के पास यह हादसा हो गया। बस में 25 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 यात्री घायल हो गए। घायलों को गंगेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो यात्रियों को गंभीर हालत में रीवा रैफर किया गया। शेष का गंगेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि बस का स्टेरिंग फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।