इज्तिमा का आज दूसरा दिन, दो दिन और आएंगी जमातें

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में शुरू हुए इज्तिमा का शनिवार को दूसरा दिन है। 73वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा में देशभर से जमातें आई हैं। शनिवार और रविवार को और भी जमातें आएंगी। आखिरी दिन करीब 5 हजार तक जमातें जुटने का अनुमान है। इधर, मंच से धर्मगुरु तकरीरें कर अच्छी सीख दे रहे हैं। इज्तिमे में ऐसे कई मुस्लिम धर्मालांबी आए हैं, जो कई इज्तिमा में शामिल हो चुके हैं तो कई पहली बार आए हैं। इज्तिमा में चार दिन में 10 लाख लोगों के जुटने का अनुमान है।

आलमी तब्लीगी इज्तिमा शुक्रवार को राजस्थान से आए मौलाना चिराग उद्दीन साहब के बयान के साथ शुरू हुआ। ईंटखेड़ी-घासीपुरा में लाखों जमातियों के मजमे को खिताब करते हुए मौलाना ने फरमाया कि अल्लाह ने हमें किसी न किसी काम के लिए पहुंचाया है। उस काम से हम भटक गए हैं। उन्होंने हदीस और कुरआन की रोशनी में नसीहत की कि अल्लाह के हुक्म और पैगंबर साहब के बताए रास्ते पर चलें। दिल्ली मरकज से आए मौलवी शाआद साहब कांधलवी ने मगरिब की नमाज के बाद बयान किया। मौलवी यूसुफ साहब ने मुख्तसिर बात की।

इज्तिमा के लिए बसा मिनी शहर

इज्तिमा में शामिल होने आए जमातियों के लिए ईंटखेड़ी में 300 एकड़ में बड़े पांडाल बने हैं। यूं कहें कि एक मिनी शहर बसाया गया है। 17 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन, साढ़े चार हजार टॉयलेट और 17 हजार लोगों के एक साथ वजू करने की व्यवस्था की गई है। फायर एक्सपर्ट साजिद खान के अनुसार इज्तिमा में 5 फायर ब्रिगेड और 6 बुलेट व्हीकल के साथ 24 घंटे के लिए निगमकर्मी तैनात किए गए हैं।

गौरतलब है कि 73वां इज्तिमा दो साल बाद हो रहा है। कोरोना के चलते इज्तिमा का आयोजन नहीं हो सका था। चार दिन चलने वाले इज्तिमा में सुबह से देर रात तक मुस्लिम धर्मगुरु अलग-अलग विषयों पर जमातों को संदेश दे रहे हैं। इज्तिमा खत्म होने के बाद जमातें देशभर के विभिन्न हिस्सों में रवाना होंगी और धर्मगुरु से मिले संदेश को समाजजनों तक पहुंचाएंगी।