प्रकाश तरण पुष्कर में डूबने से रंगकर्मी की मौत

भोपाल। राजधानी भोपाल के तुलसी नगर में लिंक रोड पर स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में डूबने से गुरुवार को सुबह एक चर्चित रंगकर्मी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने चार माह पहले ही तरण पुष्कर की सदस्यता ली थी। उनकी पत्नी और एक बेटा फिलहाल मुंबई गए हुए हैं। उनके शव को हमीदिया अस्पताल की मोर्चुरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्विमिंग पूल को फिलहाल बंद कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, भीम नगर में रहने वाले 42 साल के रमेश अहीर रंगकर्मी थे। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वह अच्छे तैराक थे। रोजाना वह क्लब आया करते थे। गुरुवार सुबह 10.30 बजे वे प्रकाश तरण पुष्कर के 16 फीट गहरे स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहे थे। इसी बीच वह डूबने लगे तो आवाज सुनकर गार्ड ने उन्हें बाहर निकाला। उन्हें सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। इसके बाद उन्हें जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

क्लब के मैनेजर आरएस किरार ने दावा किया है कि पानी में तैरते समय सेफ्टी गार्ड ने रमेश को गहराई में देखा तो वह परेशान नजर आ रहे थे। जब उसने उनसे पूछा कि वह उनकी मदद के लिए पानी में आए तो उन्होंने मना कर दिया था। थोडी देर बाद जब वह डूबते नजर आए तो सेफ्टी गार्ड पानी में कूदा और उनको बाहर निकाला। उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया तो उनके मुंह से गुटखा और पानी निकला। उसके बाद उनको जेपी अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, रमेश अहीर फ्रीलांस आर्टिस्ट थे। उन्होंने गत 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस में नाटक ‘बिरसा मुंडा’ का किरदार निभाया था। रमेश की पत्नी सुनीता भी रंगकर्मी हैं। दोनों ने लव मैरिज की थी। सुनीता आंगनबाड़ी कर्मचारी भी हैं। वह बेटे सक्षम के साथ मुंबई गई हैं। रमेश के रिश्तेदारों ने बताया कि अभी संगीता व बेटे को रमेश की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। उनका शव पुलिस ने हमीदिया शवगृह में रखवा दिया है।

रमेश के रिश्तेदारों ने प्रकाश तरण पुष्कर प्रबंधन पर लापरवाही की आशंका जताई है। उनका कहना कि जब पूल मैनेजमेंट दावा कर रहा है कि गार्ड मौजूद थे, फिर डूबने से कैसे मौत हो गई? घटना के समय पूल मैनेजर आरएस किरार मौके पर नहीं थे। पूल के कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मैनेजर सीसीटीवी से पूल की निगरानी करते हैं। हालांकि, घटना के बाद तरण पुष्कर को बंद कर दिया है।