मप्र में कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13 करोड़ के पार

0

भोपाल। मध्य प्रदेश ने कोरोना के खिलाफ में जंग में एक और उपलब्धि हासिल कर ली। बुधवार को विशेष टीकाकरण अभियान में शाम छह बजे तक 13 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही यहां कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13 करोड़ के पार कर गया। वहीं, अमृत महोत्सव” में प्रिकॉशन डोज लगाने का आंकड़ा भी एक करोड़ पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13 करोड़ के पार पहुंचने और एक करोड़ से अधिक नागरिकों को प्रिकॉशन डोज लगाए जाने पर प्रदेशवासियों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा कि कोरोना योद्धाओं की प्रतिबद्धता और प्रदेशवासियों की सक्रिय सहभागिता ने मध्यप्रदेश को वैक्सीनेशन महा-अभियान की सफलता के एक नए क्षितिज पर पहुँचा दिया है। कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव में एक करोड़ से अधिक नागरिकों ने कोविड वैक्सीन का बूस्टर डोज लगवा लिया है। गत 10 अप्रैल 2022 से बूस्टर डोज लगाने का अभियान शुरू किया गया था। आगामी 30 सितम्बर तक बूस्टर डोज नि:शुल्क लगवाए जा सकेंगे।बता दें कि बुधवार को चलाए गए विशेष टीकाकरण अभियान में शाम छह बजे तक 13 लाख 11 हजार 322 लोगों का टीकाकरण किया गया। इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक वैक्सीन के 13 करोड़, 02 लाख, 11 हजार 473 डोज लगाई जा चुकी है। इनमें एक करोड़ से अधिक नागरिकों ने बूस्टर डोज लगवाया है।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी ने भी इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया है कि मैं इस उपलब्धि के लिए इस महायज्ञ में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों,क्राइसिस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं, समाज के सभी वर्गों के व्यक्तियों, बुद्धिजीवियों का आभार व्यक्त करता हूं। स्वास्थ्य विभाग के पूरे अमले को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई।

Leave a Reply