प्रधानमंत्री मप्र के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में कराएंगे चीतों का प्रवेश

0

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने जन्मदिन यानी 17 सितंबर को कूनो आ रहे हैं। प्रधानमंत्री दक्षिण अफ्रीका से आ रहे चीतों काे कूनो राष्ट्रीय उद्यान में प्रवेश कराएंगे। प्रधानमंत्री कराहल (श्योपुर) में महिला स्व-सहायता समूह के एक सम्मेलन को भी संबोधित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और मानवीय दृष्टि से बहुत जरूरी स्थानांतरण के लिए 17 सितंबर से 5 अक्टूबर तक छूट दी जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के लिए 17 सितंबर से अभियान आरंभ होगा। साथ ही 2-2 मंत्रियों के समूह गठित किए जाएंगे, जो आवंटित जिलों का भ्रमण करेंगे। वे जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पात्र व्यक्तियों को हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लेंगे। मंत्रिगण गरीब बस्तियों में भ्रमण और संपर्क कर वहां की स्थिति देखेंगे और बुद्धिजीवियों से भी चर्चा करेंगे। जन-सामान्य को जागरूक करने, योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन और शासकीय गतिविधियों में कमी या दोष पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही भी मंत्रीगण द्वारा जिलों में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा तथा सुरेश धाकड़ शिवपुर-सीधी और बैतूल, गोपाल भार्गव तथा ओमप्रकाश सकलेचा आगर-मालवा, सिंगरौली, झाबुआ और खंडवा, तुलसीराम सिलावट और भारत सिंह कुशवाह भिण्ड, शिवपुरी, शाजापुर और रायसेन का दायित्व संभालेंगे। इसी प्रकार मंत्री कुंवर विजय शाह और प्रद्युम्न सिंह तोमर मंडला, अनूपपुर और उमरिया, जगदीश देवड़ा और इंदर सिंह परमार ग्वालियर, बुरहानपुर और हरदा, यशोधरा राजे सिंधिया तथा ऊषा ठाकुर विदिशा, कटनी और नीमच तथा भूपेंद्र सिंह और मीना सिंह अशोक नगर, मुरैना, सतना और शहडोल जिले की गतिविधियाँ देखेंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी क्रम में मंत्री प्रेम सिंह पटेल तथा ओपीएस भदौरिया निवाड़ी, पन्ना और नरसिंहपुर, कमल पटेल तथा गोविंद सिंह राजपूत देवास, दमोह और उज्जैन, बृजेंद्र सिंह यादव और राजवर्धन सिंह दत्तीगांव जबलपुर, छिंदवाड़ा और राजगढ़ का दायित्व संभालेंगे। मंत्री विश्वास सारंग और बृजेंद्र प्रताप सिंह सिवनी, छतरपुर और खरगोन, अरविंद सिंह भदौरिया और रामकिशोर कावरे डिंडोरी, गुना, अलीराजपुर, रीवा तथा डॉ. प्रभुराम चौधरी और डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़, होशंगाबाद, इंदौर, बड़वानी तथा महेंद्र सिंह सिसोदिया और हरदीप सिंह डंग को भोपाल, सीहोर, दतिया और सागर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश में चार मंत्री समूह होंगे गठित

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इसके साथ ही चार मंत्री समूह गठित किए जाएंगे। पहला समूह हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराने की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेगा। समूह में मंत्री नरोत्तम मिश्रा, डॉ. प्रभुराम चौधरी, विश्वास सारंग, कमल पटेल, बिसाहूलाल सिंह, राम खेलावन पटेल, अरविंद भदौरिया और भारत सिंह कुशवाह शामिल होंगे।

दूसरा समूह मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर उसका क्रियान्वयन करेगा। यह आयोजन एक सप्ताह चलेगा। इस समूह में मंत्री भूपेंद्र सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, ऊषा ठाकुर, मीना सिंह, इंदर सिंह परमार, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव और मंत्री हरदीप सिंह डंग होंगे।तीसरा समूह जिलों के भ्रमण एवं संचालित गतिविधियों के संबंध में कार्य-योजना और आवश्यक समन्वय करेगा। इस समूह में मंत्री गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, जगदीश देवड़ा और विजय शाह शामिल होंगे। इसके अलावा चौथा समूह प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से आरंभ होने वाले सेवा पखवाड़े में संचालित की जाने वाली गतिविधियों पर केन्द्रित होगा। इस समूह में मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव, महेंद्र सिंह, प्रद्युमन सिंह तोमर, डॉ. मोहन यादव तथा ओमप्रकाश सखलेचा होंगे।

Leave a Reply