एमपी बोर्ड में 6 साल का सबसे खराब रिजल्ट

10वीं में हर विषय में 30% फेल, गणित-अंग्रेजी में सबसे कमजोर

भोपाल – मप्र में हाई स्कूल का रिजल्ट पिछले छह सालों में सबसे खराब रहा है। इस बार 42% परीक्षार्थी फेल हो गए। ज्यादातर छात्रों का रिजल्ट गणित और इंग्लिश में बिगड़ा है। इसकी एक बड़ी वजह यह रही कि छात्रों ने बेस्ट ऑफ फाइव की वजह से इन विषयों से दूरी बनाए रखी। इससे रिजल्ट पर असर पड़ा। 10वीं में 36% छात्र यानी करीब 2.96 लाख परीक्षार्थी तो केवल गणित में ही फेल हुए हैं। यह पिछले साल से भी 10% अधिक है।
पिछले साल इसी तरह इंग्लिश में भी 3.12 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी फेल हो गए। इसमें भी 38% विद्यार्थी पास नहीं हो पाए। खास बात यह है कि पिछले साल की तुलना में हिंदी और संस्कृत को छोड़कर सभी विषयों जिनमें विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित और अंग्रेजी शामिल हैं, सभी के रिजल्ट में गिरावट आई है। औसतन 30% छात्र हर विषय में फेल हुए हैं। इस बार 10वीं में 8.21 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।