जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, अब पूरी ताकत से लोकसभा चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस के घोषणापत्र और न्याय पत्र के पंफलेट घर-घर पहुँच रहे

भोपाल – वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव जैसे जैसे नज़दीक आ रहे हैं, वैसे वैसे कांग्रेस के दिन भी फिरते जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव परिणामों से निराश हुई कांग्रेस ने बड़ी तेज़ी के साथ विधानसभा की हार से बाहर निकलते हुये लोकसभा में जीत के लिये कमर कस ली है।
कांग्रेस का जो कार्यकर्ता दिसंबर के चुनाव परिणाम के बाद निराश और हताश हो गया था, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उसमें नया जोश और नई ऊर्जा भरने में सफलता पा ली है।

आज लगभग सभी लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी के साथ मेहनत करते देखा जा सकता है।
जीतू पटवारी ने कांग्रेस को ज़मीन पर उतारने का जो संकल्प लिया था, उसमें वो कामयाब होते दिख रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों से समर्थन माँग रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टोली लगभग सभी लोकसभा क्षेत्रों के गली मोहल्लों में पूरे उत्साह के साथ काम करती नज़र आ रही है। कांग्रेस के घोषणापत्र और न्याय पत्र के पंफलेट घर घर पहुँच रहे हैं। कांग्रेस की गारंटी हर घर और हर गाँव तक पहुँच रही है।
कांग्रेस के चंद स्वार्थी और कुर्सीखोर नेताओं के पार्टी छोड़ने का बीजेपी को कितना लाभ हुआ ये तो समय बतायेगा, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता इससे ज़रूर एकजुट हो गया है। जीतू पटवारी ने शुरूआत के तीन महीने जिस धैर्य और संयम के साथ सब कुछ देखा और समझा, आज वही धैर्य और संयम कांग्रेस की ताक़त बन रहा है।
विपरीत परिस्थितियों में जब राहुल गांधी ने जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी थी, तब उन्होने शायद जीतू पटवारी में यही नेतृत्व क्षमता और धैर्य व संयम से आगे बढ़ने का हुनर देखा था।
जीतू पटवारी के ऊर्जावान नेतृत्व में अब कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में आपत्याशित परिणाम देने की तैयारी कर ली है।