राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित हजारों समर्थकों के साथ बजरंग सेना का कांग्रेस पार्टी में विलय

ढोल-ढमाकों और भगवा ध्वज के साथ भव्य जुलूस के रूप में बजरंग सेना पहुंची प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, कमलनाथ ने किया बजरंग सेना का स्वागत

भोपाल – बजरंग सेना के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित हजारों की संख्या में भगवा ध्वज के साथ एक भव्य रैली के रूप में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। बजरंग सेना के पदाधिकारियों और हजारों समर्थकों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनांे ने स्वागत किया, यह अवसर था बजरंग सेना का कांग्रेस पार्टी में विलय का।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री दीपक जोशी के नेतृत्व में बजरंग सेना का कांग्रेस पार्टी में विलय हुआ, बजरंग सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनीश पटेरिया, संयोजक रघुनंदन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अम्बरिस राय, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर सहित हजारों की संख्या में बजरंग दल के सदस्यों का कांग्रेस में विलय हुआ। बजरंग सेना के पदाधिकारियों ने श्री कमलनाथ को गदा और स्मृति चिन्ह भेंट कर जयश्री राम के नारे के साथ प्रदेश से भाजपा को ध्वस्त करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीहोर की जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बरैठा, भूपेन्द्र सिंह, राम शंकर मिश्रा और अरूण पाठक ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस अवसर पर जयश्रीराम का उद्घोष करते हुए बजरंग सेना का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिवराज जी को अब बहनों की, नौजवानों की और कर्मचारियों की याद आने लगी है, अब तक 20 हजार से ज्यादा घोषणाएं वे कर चुके हैं, जिनका जमीन कोई अता-पता नहीं है, 18 वर्ष की भाजपा सरकार का पाप का घड़ा भर गया है और इसी पाप को धोने का अब काम शिवराजजी डबल स्पीड़ की झूठी घोषणा मशीन चलाकर और जगह-जगह नारियल फोड़कर कर रहे हैं, लेकिन अब उनकी यह झूठ की मशीन काम करने वाली नहीं है, क्योंकि जनता ने अब उनकी झूठी सत्ता को समाप्त करने का मन बना लिया है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से भारत की संस्कृति और संविधान के साथ चलने का रहा है। मुझे आप सभी पर पूरा विश्वास है कि आप मप्र का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।
श्री पटेरिया ने कांग्रेस में विलय पर कहा कि सभी पदाधिकारी और हजारों की संख्या में प्रदेश भर से आये कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ की भावनाओं और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को अपनाया है, हम सभी विश्वास दिलाते हैं कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की छल-कपट, धोखे और फरेब की सरकार को जमीदोज कर कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए दृढ़संकल्पित है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्षगण सर्वश्री चंद्रप्रभाष शेखर, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, उपाध्यक्ष राजीव सिंह, प्रकाश जैन, जे.पी. धनोपिया, गुरमीतसिंह मंगू सहित बड़ी संख्या में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता सहित बजरंग सेना से कांग्रेस पार्टी में शामिल हुये पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।