जून माह में आ सकती है कांग्रेस की पहली लिस्ट

हारी हुई 66 सीटों पर कैंडिडेट जल्द घोषित करने पर चर्चा चल रही है – दिग्विजय

भोपाल – मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तेजी से तैयारियों में जुटी हुई है। रविवार को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं कमलनाथ, दिग्विजय, डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल, अरुण यादव सहित मप्र कांग्रेस के तमाम सीनियर नेताओं की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के साथ लंबी मीटिंग हुई। इस बैठक के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मप्र में डेढ़ सौ सीटें जीतने का दावा किया।
भोपाल के गोविन्दपुरा में कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि हारी हुई 66 सीटों पर कैंडिडेट जल्द घोषित करने पर चर्चा चल रही है। कमलनाथ हमारी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं। चुनाव समिति बनेगी। और फिर केन्द्रीय चुनाव समिति ये तय करेगी।

जून में आएगी कांग्रेस केंडिडेट्स की पहली लिस्ट

प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर अजय सिंह राहुल ने कहा- हर चुनाव में उम्मीदवार थोड़ा देर से होते थे। इस बार यह तय हुआ है कि जून के महीने से ही लिस्ट निकलना शुरु हो जाएंगी। तैयारी और रणनीति नहीं बता सकते। हमारा सिर्फ एक लक्ष्य है 150 पार। राहुल गांधी ने कह दिया कांग्रेस पार्टी के सभी नेता मिलकर लड़ाई के मैदान में उतरें, सही उम्मीदवार का चयन करें। और जो लक्ष्य दिया गया है उसे हासिल करें।
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि जून में जारी होने वाली कांग्रेस की संभावित लिस्ट में 50-50 का फॉर्मूला अपनाया जाएगा। इसमें ऐसी सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे जहां कांग्रेस लंबे समय से चुनाव हार रही है। कुछ ऐसी सीटों पर उम्मीदवार घोषित होंगे जहां कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और लंबे समय से जीतती आ रही है।