जमीन पर कब्जे को लेकर चचेरे भाइयों में विवाद, गोलियां चलीं

मुरैना। जमीन पर कब्जे के लिए दो भाइयों के परिवारों के बीच शुक्रवार को ताबड़तोड़ फायरिंग हुईं। दोनों परिवारों के बीच 10 राउंड से ज्यादा फायर हुए। एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके गए। पत्थर लगने से एक युवक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला मुरैना जिले के नूराबाद के धनेले गांव का है। फायरिंग की घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे हुई। यहां गुर्जर परिवार में पुश्तैनी खेती की 7 बिस्वा (5040 स्क्वेयर फीट) जमीन के बंटवारे को लेकर रंजिश चली आ रही है। दोनों पक्षों का दावा है कि जमीन उनके हिस्से में है। आज दोनों परिवार इसी बात पर आमने-सामने आ गए। करीब 10 राउंड गोलियां चली और जमकर पथराव हुआ। सौभाग्य से गोली किसी को नहीं, एक कार का शीशा जरूर चकनाचूर हो गया। लेकिन पथराव में एक परिवार के नौकर पप्पू को सिर में चोट आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक परिवार के मुखिया का नाम सरनाम सिंह गुर्जर है, दूसरे पक्ष के मुखिया का नाम भी सरनाम सिंह गुर्जर है। दोनों आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों के बीच काफी पहले पुश्तैनी जमीन का बंटवारा किया गया था। दोनों ने रजिस्ट्री भी करा ली थी, लेकिन झगड़ा कब्जे को लेकर है। इस मामले में दोनों तरफ से पंचायत भी बैठी थी, लेकिन पंचायत का निर्णय दोनों में से किसी भी पक्ष को मंजूर नहीं था।

नूराबाद थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ फायरिंग और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों सरनाम सिंह गुर्जर, जंडेल सिंह, ढोलू गुर्जर, रवींद्र गुर्जर, महेंद्र गुर्जर, उसके दोनों बेटों पर केस किया गया है। वहीं, एसडीओपी दीपाली चंदोलिया ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि दो परिवारों में आपस में झगड़ा हो गया है। दोनों परिवारों के बीच फायरिंग हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना हो गई है। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।