दिग्विजय सिंह दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे जम्मू, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों का लेंगे जायजा

जम्मू। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जम्मू-कश्मीर में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को जम्मू पहुंचे।कांग्रेस के अनुसार कन्याकुमारी से राहुल गांधी की अगुवाई वाली यात्रा के जनवरी के तीसरे सप्ताह में केंद्र शासित प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने बताया कि यात्रा की तैयारियों को देख रहे राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह का पूर्व मंत्री योगेश साहनी के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जम्मू हवाईअड्डे पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भानु चिब और सेवा दल के प्रमुख साहिल सिंह लंगेह भी हवाईअड्डे पर मौजूद थे।कांग्रेस पार्टी ने बताया कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम चरण के दौरान जम्मू और कश्मीर में आठ दिन बिताएंगे। यह यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।