दो दिन के ब्रेक के बाद 25 से फिर रफ्तार पकड़ेगी ठंड

भोपाल। मध्यप्रदेश में दो-तीन दिन से ठंड के तेवर ठंडे थे, लेकिन 25 नवंबर से प्रदेशभर में फिर कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो रात का पारा तेजी से लुढ़केगा और कई इलाकों में शीतलहर का असर भी होगा। हिल स्टेशन पचमढ़ी समेत नौगांव आदि इलाकों में तापमान तेजी से गिरेगा।

मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह के अनुसार 25 नवंबर से प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा। भोपाल-इंदौर समेत अधिकांश इलाकों में यह 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है। 25 से 28 नवंबर तक यही स्थिति रहेगी। फिलहाल प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में मौसम सबसे ठंडा है। यहां रात का तापमान 6 डिग्री के आसपास चल रहा है। इसके अलावा नौगांव में तापमान 7 से साढ़े सात डिग्री सेल्सियस के बीच है। छिंदवाड़ा, जबलपुर, खजुराहो, उमरिया, मलाजखंड, बैतूल, दतिया, ग्वालियर, रायसेन में भी तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ ही पारा और लुढ़केगा। वहीं, कई शहरों में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकांश जगह 30 डिग्री के नीचे ही पारा चल रहा है।

24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसममौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। औसत न्यूनतम तापमान 11 और औसत अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक रहने की संभावना है। वहीं, 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चलेंगी।