ग्वालियर: फिर आ गए बादल, दो डिग्री चढ़ा रात का पारा

ग्वालियर। पिछले दिनों लगातार एक सप्ताह तक रुक-रुककर हुई बारिश के बाद मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। गुजरे 13 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह साफ था, लेकिन रविवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। इसके चलते रात के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।रविवार को सुबह लोगों की नींद खुली तो आसमान में आंशिक बादल छाए हुए थे। हालांकि सूरज की चमक पर बादलों का ज्यादा असर नहीं पड़ा और दिन में अधिकांश समय धूप खिली रही।

मौसम के जानकारों का कहना है कि ईरान से अफगानिस्तान और पाकिस्तान होते हुए उत्तर भारत की ओर एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जो 18 अक्टूबर को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवाओं के साथ नमी आ रही है। जिससे आसमान में आंशिक बादल नजर आ रहे हैं। हालांकि इस मौसम प्रणाली से ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन आंशिक से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं।

यहां बता दें कि मौसम शुष्क हो जाने से शनिवार को ग्वालियर शहर में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था, लेकिन अचानक बादल आ जाने से रविवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस उछाल के साथ 19.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो औसत से महज 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान भी 0.4 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 80 और शाम को 66 प्रतिशत दर्ज की गई।