जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस लगातार हार का सामना कर रही है, उनका मोर्चा केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने संभाला

तैयारियों का हाल जानेंगे

भोपाल – मध्‍य प्रदेश में कांग्रेस जिन विधानसभा क्षेत्रों में लगातार हार का सामना कर रही है, उनका मोर्चा केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने संभाल लिया है। ये क्षेत्र का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों का हाल जानेंगे। इसी क्रम में सुभाष चोपड़ा ने आष्टा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वे शुक्रवार को भोपाल जिले की बैरसिया विधानसभा का दौरा करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अर्जुन मोढ़वाडिया, सुभाष चोपड़ा, कुलदीप सिंह राठौर और प्रदीप टम्टा को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। इन सभी को उन 66 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है जहां कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इन सीटों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेने के साथ ही संभावित दावेदारों के नाम पर भी चर्चा करेंगे।