कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण बनाए जा रहे हैं, पुलिस सरकार के गुलाम की तरह काम कर रही है – दिग्विजय

दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को सुधर जाने की नसीहत दी

छतरपुर – दो दिन के दौरे पर छतरपुर पहुंचे पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पहले ही दिन सख्त तेवर दिखाते नजर आए। छतरपुर के बिजावर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को सुधर जाने की नसीहत दे डाली। बता दें कि दिग्विजय इन दिनों बुंदेलखंड के दौरे पर हैं और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे हैं।

सरकार के गुलाम अफसर सुधर जाएं- दिग्विजय

बिजावर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण बनाए जा रहे हैं। पुलिस सरकार के गुलाम की तरह काम कर रही है। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा जो भारतीय जनता पार्टी में गुलाम की तरह कार्य कर रहे हैं। दिग्विजय ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की गुलामी कर रहे सरकारी अधिकारी सुधर जाएं नहीं तो कोई बचाने के लिए नहीं आएगा। आपके बुरे दिन आने वाले हैं। वहीं छतरपुर में मेडिकल कॉलेज के सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।