भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध, दो युवक हिरासत में

चंडीगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पंजाब में छठे दिन मंगलवार को दो जगह सुरक्षा में सेंध लगाए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अंतिम पड़ाव में पहुंच चुकी है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पंजाब में पहले ही सुरक्षा खतरों के बारे में आगाह किया गया है। पंजाब में राहुल गांधी को ज्यादातर यात्रा गाड़ी से करने की सलाह देते हुए अन्य राज्यों के मुकाबले अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके बावजूद आज सुबह दो बार उनकी सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह होशियारपुर-पठानकोट मार्ग पर थी। इस दौरान दसूहा के पास एक युवक राहुल गांधी का थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा तोड़ने में सफल रहा। युवक सुरक्षा चक्र तोड़ते हुए सीधा राहुल के पास पहुंचा और उन्हें गले लगा लिया। अचानक हुए घटनाक्रम से राहुल गांधी भी हैरान रह गए। इस बीच पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग आगे बढ़े और युवक को पीछे धकेल दिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और यात्रा को निकाला।

इसके कुछ समय बाद जब यात्रा चाय के लिए गांव बस्सी स्थित एक ढाबे पर रुकी तो राहुल गांधी सड़क पार करने लगे। उसी समय सिर पर केसरी परना बांधे हुए एक युवक आगे बढ़ कर राहुल के बेहद करीब पहुंच गया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत इसे भांप लिया। जिसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राहुल तक पहुंचने वाले युवक आसपास के ही रहने वाले हैं और वे राहुल से मिलना चाहते थे। इसी दौरान आज दो घटनाक्रम होने के बाद पंजाब पुलिस ने राहुल की सुरक्षा और बढ़ा दी है।