राज्य सरकार के दावों के बावजूद प्रदेश में अवैध हथियार तस्करों और अपराधियों के हौंसले बुलंद: विभा पटेल

भोपाल। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार के दावों के बावजूद प्रदेश में अवैध हथियार तस्करों और अपराधियों के हौंसले बुलंद है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश अब अवैध हथियारों की मंडी बनता जा रहा है। इसके लिए खरगौन, बड़वानी और बुरहानपुर में अवैध हथियारों की फैक्टरियां चल रही हैं। यहां बन रहे अवैध हथियार विभिन्न प्रांतों में भेजे जा रहे हैं। ये धंधा पिछले दो वर्षों से काफी फला-फूला है। इसे रोकने में प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार पूरी तरह नाकाम प्रतीत होती दिखाई दे रही है।

विभा पटेल ने आशंका व्यक्त की है कि पेटलावद कांड की तरह अवैध हथियार की तस्करी करने वालों का गठजोड़ पुलिस को बड़ी कार्यवाही करने से रोक रहा है। बेहद शर्मनाक है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल विंग अवैध हथियारों के मध्य प्रदेश में निर्माण का भंडाभोड़ करती है, लेकिन मध्य प्रदेश पुलिस और उसकी खुफिया एजेंसियों को सुराग तक नहीं मिलता। मीडिया रिपोर्टों पर विश्वास करें तो ये सिद्ध होता है कि ये काम पिछले दो वर्षों से सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। अवैध हथियार तस्करों को राजनीतिक संरक्षण होने की भी आशंका है। यह मामला न तो साधारण है और न ही नजर अंदाज करने योग्य है।

विभा पटेल ने कहा कि इसके पहले अक्टूबर 2022 में मध्य प्रदेश से पंजाब के हथियार तस्करों को अवैध हथियारों की सप्लाई होने की बात सुर्खियों में आयी थी, मप्र में बने हथियार गैंगस्टरों तक आसानी से पहुंच रहे हैं, मामले में कई इनपुट हाथ लगने के बाद एमपी एसटीएफ ने पंजाब पुलिस के साथ जानकारी को साझा भी किया था। एमपी एसटीएफ ने बैतूल से तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी संख्या में पिस्टल और मैगजीन बरामद की थीं।

विभा पटेल ने कहा कि इन घटनाओं से साबित है कि इच्छाशक्ति के अभाव में राज्य सरकार ने अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाएं। नतीजे में मध्य प्रदेश की पहचान अब हथियारों के लिए कुख्यात राज्य के रूप में बन रही है। यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मध्य प्रदेश की पहचान अमन के टापू के रूप में रही है। इसे देश-दुनिया के नक्शे में शांत प्रदेश के रूप में जाना गया है, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यकाल में ये छवि धूमिल और मलिन हो रही है। लेकिन शिवराज सिंह चौहान सरकार पर कोई असर होता दिखाई नहीं दे रहा है।अगर मध्य प्रदेश में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्रियों को जमींदोज नहीं किया गया और भविष्य में इनके परिणाम घातक होंगे।

विभा पटेल ने कहा कि हमारी लोकहित में मांग है कि अवैध हथियारों का गढ़ बने एमपी में पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश फौरन दिए जाए। ऐसे कारखानों को राजसात एवं ध्वस्त करने की कार्रवाई होनी चाहिए। मध्य प्रदेश पुलिस पकड़े जाने वाले अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त पर प्रभावी रोक लगाएं। वैसे भी इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव के समय कानून -व्यवस्था की स्थिति बनी रहे, इसके लिए ये जरुरी है। अगर महिला कांग्रेस के सुझाव को अनदेखा किया गया तो हम डीजीपी के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएंगे।