मदुरै से दिल्ली जा रहे विमान में यात्री की तबियत बिगड़ी, इंदौर में कराई आपात लैंडिंग

इंदौर। मदुरै से दिल्ली जा रहे इंडिगो के एक विमान में एक यात्री की अचानक तबियत बिगड़ गई। इसके चलते शनिवार देर शाम विमान की की इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और यात्री को एयरपोर्ट से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यात्री का शव इंदौर में ही रखा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली भेजा जाएगा।

एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 2088 रोजाना दोपहर 2.55 बजे मदुरै से रवाना होकर शाम 6.10 बजे दिल्ली पहुंचती है। शनिवार को भी यह उड़ान अपने तय समय से मदुरै से रवाना हुई थी। शाम करीब पांच बजे यह उड़ान इंदौर हवाई क्षेत्र में थी, तभी पायलट ने एटीसी से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी के लिए विमान की लैंडिंग की अनुमति मांगी। एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ तत्काल हरकत में आया और सभी तैयारी की गई। इसके बाद 5.25 बजे विमान ने इंदौर में लैंड किया। विमान में सवार ग्रेटर नोएडा निवासी यात्री अतुल गुप्ता (60) की तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें खून की उल्टियां हो रही थी। वे अपने पुत्र शशांक के साथ यात्रा कर रहे थे। एयरपोर्ट पर डाक्टरों ने परीक्षण किया और उन्हें नजदीक के बांठिया अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल संचालक अंशुल बांठिया ने बताया कि गुप्ता को जब यहां लाया गया, तब उनकी मौत हो चुकी थी। उनके बेटे शशांक ने हमें बताया कि वे लोग रामेश्वरम और कन्याकुमारी घूमने गए थे। शुक्रवार को उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें फूड पाइजनिंग की शिकायत के बाद वहां के डाक्टरों को दिखाया गया था। पिता की दो बार एंजियोग्राफी हो चुकी थी। उन्हें शुगर और बीपी की परेशानी थी। मदुरै के डाक्टरों ने उन्हें दिल्ली ले जाने के लिए कहा। शशांक ने बताया कि हमारे वापसी के टिकट रविवार के थे, लेकिन पिता की तबीयत को देखते हुए हम लोग शनिवार को रवाना हुए। विमान में अचानक वे घबराहट की शिकायत करने लगे और इसके बाद उन्हें खून की उल्टी होने लगी। दोनों को उतारने के बाद विमान वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गया।