कमलनाथ ने देश और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए भाजपा सरकार पर साधा निशाना

भोपाल। राष्ट्रीय युवा दिवस पर मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश के युवाओं से बड़ा वादा किया है। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही छह माह के अंदर सरकारी रिक्त पदों पर सीधी भर्ती करने का वादा किया है। इसके साथ ही कमलनाथ ने देश और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना भी साधा है।

कमलनाथ ने ट्वीट कर बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए कहा कि ‘आज मध्यप्रदेश का युवा वर्ग अपने भविष्य को लेकर अत्यधिक चिंतित है। देश और प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में नित नए घोटाले हो रहे हैं, परीक्षाओं के परिणाम वर्षों तक जारी नही हो पा रहे हैं, एमपीएससी के परिणाम 2019 से घोषित नहीं हुए हैं। भर्ती ठप पड़ी है। यह स्थिति अत्यधिक चिंताजनक है।पूर्व सीएम ने वादा करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के नौजवान साथियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सरकारी रिक्त पदों पर युवाओं की सीधी भर्ती प्रारंभ कर 6 माह में पद भरेंगे, भर्ती परीक्षाओं के घोटाले पर अंकुश लगाएंगे और युवाओं की भर्ती की नई व्यवस्था बनाएंगे, लंबित परीक्षा परिणाम 3 माह में घोषित करेंगे, चयनित अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में छूट देंगे और चयन के बाद समय सीमा में नियुक्ति देकर सिनियर्टी का लाभ भी सुनिश्चित करेंगे। हम मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ेंगे। गौरतलब है कि जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, कमलनाथ रोजाना नित नई घोषणाएं कर प्रदेश की जनता का विश्वास जीतकर दोबारा सत्ता हासिल करने कर भरसक प्रयास कर रहे हैं।