सीएम शिवराज ने बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री ने साधा निशाना, कहा- मुख्यमंत्री रोज करते है पब्लिसिटी स्टंट

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को किसान गौरव सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में प्रदेश के जिलों से आए किसान बंधुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिलों में आधुनिकतम कृषि उपकरणों की बड़ी प्रदर्शनियाँ लगाने और इनके अवलोकन से किसानों को प्रशिक्षित कर नई कृषि तकनीक की जानकारी लेकर ”आम के आम गुठलियों के दाम” सिद्धांत पर अधिक लाभ प्राप्त कर करने की बात कही। सीएम शिवराज ने बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने निशाना साधा है।

कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी किसानहित के नाम पर रोज कोई ना कोई पब्लिसिटी स्टंट करते रहते हैं। अब उन्होंने किसान गौरव सम्मेलन करने का अभिनय किया है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि जब कांग्रेस सरकार ने 27 लाख किसानों की कर्ज माफी कर दी थी तो आपने किसानों की कर्ज माफी क्यों रोक दी? उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से यह भी जानना चाहता हूं की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था और 2022 का अंतिम महीना आ गया है, लेकिन किसानों की आमदनी दुगनी होनी तो दूर किसानों की लागत कई गुना बढ़ गई है।पूर्व सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसान खाद के लिए बुरी तरह परेशान हो रहे हैं। झूठी घोषणाएं और आयोजन करने की जगह आप कम से कम एकाध बार तो किसान हित का कुछ अच्छा काम करिये?