ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड में छाएगा कोहरा, 48 घंटों में बदलेगा मौसम

भोपाल। वातावरण में नमी मौजूद होने के कारण मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में अब कोहरा छाएगा। मौसम वैज्ञानिक अगले 48 घंटों में मौसम के बदलने की उम्मीद जता रहे हैं। इसके अनुसार सबसे पहले ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड के इलाकों में कोहरे की चादर छाएगी। इससे दिन में भी सूरज की रोशनी कम हो जाएगी।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह का कहना है कि अगले एक-दो दिन में प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा छाने लगेगा। अभी दिन-रात का औसत तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। 15 दिसंबर तक ज्यादा ठंड के आसार नहीं हैं। वहीं, इस बार दिसंबर में बारिश की भी ज्यादा संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। इससे मध्यप्रदेश में नमी आ रही है। इसी कारण ऊंचाई पर बादल बन रहे हैं। दिन में गर्मी तो ज्यादा नहीं बढ़ रही, लेकिन रात के तापमान काफी चढ़ा हुआ है। अगले एक सप्ताह तक इसका असर मध्यप्रदेश पर रहेगा। इससे बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की फिलहाल संभावना नहीं है। 15 दिसंबर से ठंड का जोर शुरू हो सकता है।

नर्मदापुरम, इंदौर और भोपाल में रात का तापमान अधिक

मध्यप्रदेश में इस समय नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन और भोपाल में रात का तापमान सबसे ज्यादा चल रहा है। यहां रात का तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है, जो सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा है। वहीं, प्रदेश में मंगलवार को दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अब भी यह सामान्य से 2 से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा चल रहा है। दिन भर बादल छाने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इंदौर में दिन का तापमान भी चार महानगरों में सबसे ज्यादा चल रहा है।