विधायक गोवर्धन दांगी को श्रद्धांजलि देने ब्यावरा पहुंचे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह व कमल नाथ

0

ब्यावरा विधायक गोवर्धन दांगी का कोरोना से हुआ है निधन, श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके गृहग्राम पहुंचे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कमल नाथ।

राजगढ़। दिवंगत कांग्रेसी विधायक गोवर्धन दांगी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्य़क्ष कमल नाथ ब्यावरा के ग्राम मोर्चाखेडी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना प्रदान की। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह व विधायक महेश परमार सहित सैकडों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गोवर्धन दांगी कांग्रेस समर्पित और कर्मठ नेताओं में गिने जाते थे। शिक्षा और ग्रामीण विकास के लिए जीवन भर कार्य करने वाले गोवर्धन दांगी ने  2018 में पहली बार ब्यावरा सीट से चुनाव लड़ा था। भाजपा के नारायण सिंह पंवार को हरा कर वे विधानसभा पहुंचे थे। वरिष्ठ नेताओं ने उनके कृतित्व को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

ब्यावरा कांग्रेस नेता

आपको बता दें कि 15 सितंबर को ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी का कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था। विधायक गोवर्धन सिंह दांगी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर पहले उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। तबीयत में सुधार नहीं होने पर उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पतला में भर्ती करवाया गया था। 15 सितंबर को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया था।

Leave a Reply