एमवाय अस्पताल में स्ट्रेचर पर पड़ा रहा शव, बदबू आने के बाद भी नहीं दिया किसी ने ध्यान

0
  • एमवाय अस्पताल के मर्चूरी रूम में रखी बॉडी 15 से 20 दिन पुरानी बताई जा रही है
  • मामला सामने आने के बाद शव को हटवाया, जिम्मेदार मामले में कुछ भी नहीं बोले

स्ट्रेचर पर लेटा एक शव महीनों से अंतिम संस्कार का इंतजार कर रहा है। मानवता को शर्मसार करने वाले यह तस्वीर एमवाय अस्पताल के मर्चूरी रूम की है। यहां स्ट्रेचर पर रखा एक शव अंतिम संस्कार के इंतजार में कंकाल बन गया है। मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा तो जिम्मेदारों ने तत्काल बॉडी को वहां से हटवा दिया। बताया जा रहा है कि बदबू फैलने के बाद भी किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

अपनी लापरवाही के चलते हमेशा सुर्खियों में रहने वाले एमवाय अस्पताल के मर्चूरी रूम में रखी यह बॉडी 15 से 20 दिन पुरानी बताई जा रही है। हालांकि यह बॉडी किसकी है और कब लाई गई थी। इस संबंध में कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। स्ट्रेचर पर कंकाल बन चुके शव को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई और यह गलती किसकी है। जानकारी अनुसार यहां पर करीब डेढ़ दर्जन फ्रीजर हैं, जहां बॉडी को रखा जाता है। लेकिन इनमें से ज्यादातर फ्रीजर बंद पड़े हैं।

जानकारी अनुसार अगर कोई अज्ञात शव पुलिस बरामद करती है तो उसे पीएम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा जाता है। पीएम के बाद शव को तीन दिनों तक यहीं पर रखा जाता है। यदि इसी बीच उसकी शिनाख्त नहीं होती है तो नगर निगम या एनजीओ द्वारा उसका अंतिम संस्कार करवा दिया जाता है। हालांकि ऐसा बताया जा रहा है कि जो बॉडी कंकाल बन गई है ना उसका पीएम हुआ है और ना कोई प्रक्रिया। संभवत: उसे जिस प्रकार से स्ट्रेचर पर लाया गया था, उसी प्रकार से पड़ा रहने दिया गया। पूरे मामले में जानकारी के लिए एमवाय अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया तो एक बार उन्होंने व्यस्तता की बात कही। जबकि दूसरी बार फोन ही रिसीव नहीं किया।

Leave a Reply