शिवराज सिंह हवा से उतरकर कभी जमीन पर भी देखें – राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह

0

भोपाल। मध्यप्रदेश में भारी बारिश की वजह से प्रदेश में बाढ़ का संकट उत्पन्न हो गया है। प्रदेश के लगभग 12 ज़िलों के 400 गांव बाढ़ के संकट से जूझ रहे हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ और एडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं। एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर भी बाढ़ में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट करा कर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा रहे हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री पर लोगों को बाढ़ की मुसीबत से न निकाल पाने को लेकर सवाल उठाया है। दिग्विजय सिंह ने बाढ़ का जायज़ा लेने हेतु शिवराज सिंह चौहान के हवाई दौरे पर निशाना साधते हुए कहा है कि ‘ मामा जी ज़रा हवा से ज़मीन पर भी उतर कर देखो।’ 

दरअसल दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में बाढ़ में फंसे लोगों का वीडियो साझा किया है। जिसमें पानी से चौतरफा घिरे नाव में बैठा एक पूरा परिवार अपनी व्यथा सुना रहा है। लोगों का कहना है कि उन तक अब तक कोई सहायता नहीं पहुंचाई गई है। उनके पास नाव में बैठे रहने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई सहायता नहीं पहुंचाई गई है। पूरा परिवार इस समय अन्न के दाने दाने को मोहताज है। 

राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा है कि ‘शिवराज जी के विधान सभा क्षेत्र बुधनी की “वाशिंगटन” से बेहतर सड़कें और बाढ़ में फँसी गरीब जनता। मामा जी हवा से ज़रा ज़मीन पर उतर कर भी देखो।’ 

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को बाढ़ के राहत कार्य में तेज़ी लाने के लिए कहा है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से फोन पर बात भी की है। इसके साथ ही कमल नाथ ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने की अपील भी की है।

Leave a Reply