कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक आज, सोनिया गांधी छोड़ सकती हैं अध्यक्ष पद

0
  • कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के पहले पार्टी में बदलाव की मांग उठी
  • अशोक गहलोत, अमरिंदर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी पर भरोसा जताया

कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा? यह सवाल एक साल बाद फिर पार्टी के सामने है, क्योंकि अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की सोमवार को सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में नया पार्टी प्रमुख चुनने के लिए कह सकती हैं। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनिया गांधी ने पार्टी के नेताओं से नया अध्यक्ष खोजने को कहा है। वे इस पद पर अलग-अलग समय में अब तक 20 साल तक रह चुकी हैं। हालांकि, कांग्रेस ने सोनिया के इस्तीफे की खबरों का खंडन किया है।

उधर, राहुल गांधी पहले ही पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। तब सोनिया ने अगस्त में एक साल के लिए अंतरिम अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। इस साल 10 अगस्त को उनका कार्यकाल पूरा हो गया। पिछली सीडब्ल्यूसी की बैठक में उनसे पार्टी की बागडोर संभालने का कहा गया। तब सोनिया ने कहा था कि उन्हें पार्टी का नेतृत्व करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।

बैठक में पार्टी के सामने 4 विकल्प ​​​​​

1. सोनिया पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष बनी रहें। अध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया का समयबद्ध ऐलान हो जाए।
2. चुनाव के जरिए राहुल के पार्टी प्रमुख बनने तक गैर गांधी वरिष्ठ नेता को अध्यक्ष बनाया जाए। इनमें पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे और मुकुल वासनिक का नाम चल रहा है।
3. राहुल को अध्यक्ष बनने के लिए मनाया जाए। वैसे भी सीडब्ल्यूसी ने तकनीकी तौर पर उनका इस्तीफा स्वीकारा नहीं है। राहुल को संगठन में व्यापक फेरबदल करने के अधिकार भी दिए जा सकते हैं।
4. अध्यक्ष के लिए राहुल के नाम का प्रस्ताव आ सकता है। माना जा रहा है पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल अध्यक्ष के लिए राहुल का नाम आगे कर सकते हैं। अगर कार्यसमिति चुनाव का फैसला लेती है तो बात वहीं खत्म हो सकती है।

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की मांग के बीच आज कांग्रेस कार्य समिति की बैठक है। कहा जा रहा है कि इस बैठक में सोनिया गांधी पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष का पद छोड़ सकती हैं। वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं की राय अलग-अलग है। कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एकमत नहीं हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी अगर कांग्रस का अंतरिम अध्यक्ष पद छोड़ना चाहती हैं तो राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। वहीं, कमलनाथ ने कहा है कि इस स्थिति में सोनिया गांधी को ही कांग्रेस का अध्यक्ष रहना चाहिए।

क्या कहा कमलनाथ ने?

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- मुझे इंदिरा गांधी जी, संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ काम करने का सौभाग्य मिला है। मुझे लगभग 40 वर्षों तक, लंबे समय के रूप में संसद सदस्य के रूप में कांग्रेस पार्टी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है। मैं कई वर्षों तक अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी का महासचिव भी रहा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सोनिया गांधी के खिलाफ तमाम झूठी अफवाहों के बावजूद उन्होंने 2004 में कांग्रेस पार्टी की जीत का नेतृत्व किया और अटल बिहारी वाजपेयी को घर पर बैठाया।

कमलनाथ ने कहा- सोनिया गांधी के नेतृत्व पर कोई भी सुझाव या आक्षेप बेतुका है। मैं सोनिया गांधी से अपील करता हूं कि वे अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करें और कांग्रेस का नेतृत्व करती रहें।

दिग्विजय सिंह- राहुल के समर्थन में

वहीं, मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा- सोनिया जी का नेतृत्व सर्व मान्य है। यदि सोनिया जी कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ना ही चाहती हैं तो राहुल जी को अपनी ज़िद छोड़ कर अध्यक्ष का पद स्वीकार कर लेना चाहिए। देश का आम कांग्रेस कार्यकर्ता और किसी को स्वीकार नहीं करेगा। यह समय कांग्रेस को एक मत होने का है। मत भिन्नता का नहीं। जिस परिवार ने देश की आज़ादी और उसके बाद जो देश के लिए त्याग और बलिदान किया है वह सर्व विदित है। मीडिया में जो कुछ आ रहा है मैं उस से सहमत नहीं हूं। नेहरू गांधी परिवार के बिना कांग्रेस की मैं कल्पना भी नहीं कर सकता।

Leave a Reply