सिंधिया खानदान लक्ष्मीबाई का नहीं हुआ, मेहगांव का क्या होगा: डॉ. गोविन्द सिंह

0

सिंधिया परिवार ने 1857 की क्रांति में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को धोखा दिया था, जिसके कारण देश को 90 वर्ष तक अंग्रेजों की गुलामी झेलनी पड़ी थी। जब सिंधिया परिवार आजादी की लड़ाई में देश का नहीं हुआ तो वह मेहगांव की जनता का कैसे हो सकता है। सिंधिया परिवार पर यह आरोप मंगलवार को अमायन कस्बे के बाग वाले हनुमान मंदिर में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में पूर्व मंत्री और लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह ने लगाए।

बैठक के दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि सिंधिया परिवार के वारिस ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने परिवार के चरित्र को दोहराते हुए अपने अनुयायियों के साथ मिलकर जनता और देश के लोकतंत्र को धोखा दिया है। भाजपा सरकार प्रशासन के साथ मिलकर रेत लूट रही है, नदियों को खोखला कर दिया, अगर हम सब नहीं जागे तो क्षेत्र में पीने का पानी भी बोतलों में खरीदना पड़ेगा, जलस्तर कम होता जा रहा है, आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी। इसलिए हमें जवाब देने के लिए तैयार रहना है।

कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ किया- बघेल

बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल ने कहा कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया गया था। भाजपा नेताओं ने साजिश कर कांग्रेस सरकार गिराई। जिसके बाद प्रदेश का विकास अवरुद्ध है। प्रदेश सचिव सुरेश राजपूत अजीता ने कहा भाजपा की खरीदे गए विधायकों की आउट सोर्स सरकार है। इस मौके पर डॉ.अनिल भारद्वाज, महादेव सिंह, दीपेंद्र फौजी, कप्तान सिंह,सुरेंद्र सिंह चौहान, माधव प्रसाद त्यागी, मोहर सिंह बघेल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply