फेसबुक पोस्ट से भड़की हिंसा, गोलीबारी में 3 लोगों की मौत, 110 गिरफ्तार

0

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त कमल पंत ने बताया कि पुलिस की गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई है। हिंसा में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सहित 60 पुलिस कर्मी भी घायल हो गए हैं। बेंगलुरु में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस मामले में अबतक 110 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कुछ इलाकों में मंगलवार देर रात सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई। इस दौरान फायरिंग में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा पुलिसवाले जख्मी बताए जा रहे हैं।

बुधवार सुबह भी बेंगलुरु की सड़कों पर देर रात हुई हिंसा की झलक देखी जा सकती थी। उपद्रवियों ने जगह-जगह गाड़ियों को आग लगा दिया था। एटीएम में तोड़फोड़ की गई, विधायक के घर पर हमला करने के अलावा आसपास के लोगों के घरों पर भी पथराव किया गया। इससे घरों की खिड़कियां भी टूट गईं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तरी बेंगलुरु के पुलकेशी नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के एक कथित रिश्तेदार ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट किया था, जिसकी प्रतिक्रिया में ये हिंसा हुई।

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, इस पोस्ट के वायरल होने के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्य एक जगह जमा हुए और कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के घर पर पत्थर फेंके। डीजे हल्ली और केजी हल्ली पुलिस स्टेशन पर भी पथराव किया गया। कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस पर पत्थरों और बोतलों से हमले किए गए। पुलिस ने विधायक के भांजे नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवक ने दावा किया कि उसका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था। उसने आपत्तिजनक पोस्ट नहीं किया, जिसमें कथित तौर पर पैगंबर के अपमान की बात कही जा रही है।

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त कमल पंत ने समाचार एजेंसी ANI को बताया है कि पुलिस की गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई है। हिंसा में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सहित 60 पुलिस कर्मी भी घायल हो गए हैं। बेंगलुरु में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है। इस मामले में अबतक 110 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply