वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन परिहार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद निधन

0

भोपाल. ग्वालियर अंचल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह परिहार का मंगलवार तडक़े दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उनके निधन की खबर से कांग्रेस और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

कांग्रेस नेता बृजमोहर सिंह परिहार पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। इस दौरान वे कोरोना पॉजिटिव हो गए। उन्हें ईलाज के लिए ग्वालियर के सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां ज्यादा तबीयत खराब होने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिहार युवावस्था से ही कांग्रेस के खाँटी नेता रहे। छात्र जीवन से ही वे एनएसयूआई, फिर युवक कांग्रेस और कांग्रेस में अनेक पदों पर रहे। उनकी गिनती दिग्विजय सिंह के करीबियों में होती थी। स्व परिहार की पत्नी रश्मि परिहार भी कांग्रेस की प्रमुख नेता हैं। वे कांग्रेस और महिला कांग्रेस में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं और एक बार कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में उन्हें प्रत्याशी भी बनाया था लेकिन वे मामूली अंतर से चुनाव हार गईं थीं। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

कमलनाथ ने जताया दुख

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पूर्व मुख्यमंत्री) कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन परिहार के दु:खद निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा बहुत ही दु:खद खबर है कि श्री परिहार का आज निधन हो गया, मैं उनके निधन से बहुत ही स्तब्ध और दु:खी हूं। परमपिता परमेश्वर दिवंगत उनको अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा शोकाकुल परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें, यही मेरी ईश्वर से प्रार्थना है।

प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की

बृजमोहन परिहार के असमयिक दुखद निधन पर प्रदेश कांगे्रस पदाधिकारीगण चंद्रप्रभाष शेखर, प्रकाश जैन, राजीव सिंह, जीतू पटवारी, नरेन्द्र सलूजा ,भूपेन्द्र गुप्ता ,मो. सलीम, राजकुमार पटेल, अभय दुबे, जे.पी. धनोपिया, रवि सक्सेना, विभा पटेल, दुर्गेश शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे।

Leave a Reply