एम्स में इलाज के दौरान रिटायर्ड रेडियोलॉजिस्ट डॉ. महेंद्र जैन की मौत

0

भोपाल में डॉ.महेंद्र जैन की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। शुक्रवार रात 10 बजे एम्स से परिजनों को उनकी मौत की जानकारी मिली।

भोपाल में कोरोना से एक रिटायर्ड रेडियोलॉजिस्ट डॉ. महेंद्र जैन की एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें 10 दिन से वेंटीलेटर पर रखा गया था। काफी प्रयास के बाद भी डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा पाए। इधर, शनिवार को भोपाल में एक बार फिर 152 नए केस सामने आए। इनमें से 11 मरीज जिला जेल के कैदी पॉजिटिव निकले। राजधनी में अब सिर्फ रविवार को ही टोटल लॉकडाउन के नियमों का पालन कराया जाएगा। कलेक्टर ने इसके आदेश जारी करते हुए शनिवार के लॉकडाउन के आदेश को रद्द कर दिया। अब रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।

भोपाल में कंटेनमेंट इलाकों में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सैंपल लेते हुए।

5 महीने से क्लीनिक भी बंद कर रखा था
हेल्थ विभाग के ज्वाइन डायरेक्टर डॉ.पंकज शुक्ला ने बताया कि 67 वर्षीय डॉ. महेंद्र जैन उनके सीनियर थे। दो साल पहले पहले रिटायर्ड हो गए थे। इधर, उनके भाई डॉ. आरके जैन ने बताया कि गत सोमवार को तबीयत खराब होने पर भैया महेंद्र एम्स दिखाने गए थे। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल भर्ती कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। सभी प्रयास करने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। लालघाटी में महेंद्र अपने परिवार के साथ रहते थे। वे 1250 अस्पताल में विभागाध्यक्ष भी रहे। पांच महीने से उन्होंने बैरागढ़ में अपना क्लिनिक भी नहीं खोला था।

कलेक्टर ने नए आदेश जारी किए
राजधानी में 10 दिन के संपूर्ण लॉकडाउन के बाद शुक्रवार देर रात कलेक्टर भोपाल ने नए आदेश जारी कर दिए। पहले भोपाल में 31 जुलाई तक शनिवार और रविवार को दो दिन संपूर्ण लॉकडाउन था। इसके अलावा रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहता था। नए आदेश में अब सिर्फ रविवार को ही संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। रात का कर्फ्यू भी अब रात 10 बजे से सुबह 5 बजे रहेगा। हालांकि इस दौरान कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करना अनिवार्य है। इसके लिए कलेक्टर ही धारा 144 लागू है।

Leave a Reply