जीएमसी में एक डॉक्टर सहित तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव

0

भोपाल में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7525 हुई, कोरोना से 24 घंटे में 4 की मौत, अब मरने वालों का आंकड़ा 212 पर पहुंचा, एक्टिव केस 2131 हुए, राज्य में सबसे अधिक

भोपाल में शुक्रवार को 150 केस नए केस मिले। इसमें जीएमसी में तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिसमें एक मेडिसिन विभाग के एक डॉक्टर भी शामिल हैं। ये लगातार दूसरा दिन है, जब जीएमसी में डॉक्टर संक्रमित पाए गए हैं। राजधानी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7525 हो गई है। वहीं 24 घंटे के अंदर 4 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 212 हो गया है। वहीं कुल एक्टिव केस 2131 हो गए हैं, ये मामले राज्य में सबसे अधिक हैं।

इधर, एक राहत वाली खबर आई, जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को स्वस्थ होने पर चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उनके साथ ही भोपाल के संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी भी डिस्चार्ज हो गए। वीडी शर्मा 10 दिन पहले कोरोना संक्रमण के चलते भर्ती हुए थे। दोनों का स्वास्थ्य बेहतर था और कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिलने पर आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

वीडी शर्मा ने कहा- मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं, घर लौट आया

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, “मैं पूर्णतः स्वस्थ हूं और आज अस्पताल से घर लौट आया हूं। गाइडलाइन अनुसार 7 दिन तक घर पर ही रहूंगा। मध्य प्रदेश सरकार ने कोविड 19 से बचाव और उपचार के बेहतर प्रबंध किए हैं। मैंने स्वयं अस्पताल में रहते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा। प्रदेश की जनता के प्रति मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी की संवेदनशीलता स्पष्ट दिखाई देती है। मुख्यमंत्री जी को भी धन्यवाद देता हूं।

अब भी चिरायु अस्पताल में छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव से विधायक सुनील उइके और सागर के देवरी से विधायक व पूर्व मंत्री हर्ष यादव कोरोना के इलाज के लिए भर्ती हैं। ये दोनों कांग्रेस विधायक हैं। प्रदेश में अब तक 13 विधायक संक्रमित हो चुके हैं।

Leave a Reply